रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागपत

Baghpat News:36 क्रय केंद्रों पर शुरू नहीं हो सकी तौल, किसान हो रहे परेशान – Farmer News

November 28, 2026


बागपत। बागपत सहकारी चीनी मिल की टरबाइन फटने के बाद अन्य मिलों से जोड़े गए 36 क्रय केंद्रों पर दूसरे दिन भी तौल नहीं होने के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ी। उनको अपना गन्ना लेकर वापस लौटना पड़ा तो कुछ किसानों ने गन्ने से भरी भैंसा-बुग्गी व ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहीं खड़ा कर दिया। किसानों ने जल्द ही तौल शुरू कराने की मांग की है।

बागपत सहकारी चीनी मिल से 65 गांवों के 23 हजार किसान जुड़े हैं। मिल में 40 लाख 19 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई होती है। बुधवार की सुबह साढ़े चार बजे टरबाइन फटने के कारण गन्ने की पेराई बंद हो गई थी, जिससे किसानों को गन्ना लेकर वापस जाना पड़ा। किसानों की मांग के बाद 36 क्रय केंद्रों का गन्ना छह मिलों को आवंटित कर दिया गया था। इसके बाद किसानों को उम्मीद जगी थी कि शुक्रवार की सुबह से क्रय केंद्रों पर तौल शुरू हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

जब सुबह के समय किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली व भैंसा-बुग्गी में गन्ना लेकर क्रय केंद्रों पर पहुंचे तो वहां तौल नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। इससे किसानों में रोष बना हुआ है। किसान राकेश, अरविंद, सुमित और आफताब आदि ने बताया कि मिल प्रशासन की लापरवाही के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि पहले से ही मिल की मरम्मत कराई जाती तो किसानों को परेशानी नहीं होती।

टरबाइन ठीक कराने में गड़बड़ी का शक, शासन कराएगा जांच

सहकारी चीनी मिल बागपत में एक करोड़ रुपये से ठीक कराई गई टरबाइन 14 दिन भी नहीं चल सकी। टरबाइन को ठीक कराने में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए डीएम ने शासन को जांच कराने के लिए पत्र लिखा है। अब जल्द ही शासन स्तर से जांच शुरू होगी। जांच के बाद कई अफसरों पर गाज गिर सकती है।

—

भाकियू और किसान मजदूर संगठन ने टरबाइन फटने की जांच करने की उठाई मांग

बागपत। सहकारी चीनी मिल बागपत में टरबाइन के फटने को लेकर किसान संगठन भी लामबंद हो गए हैं। सहकारी गन्ना विकास समिति के निदेशक प्रदीप धामा ने टरबाइन में भ्रष्टाचार की आशंका को देखते हुए जांच करने की मांग की है।

उन्होंने सूचना अधिकार अधिनियम के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 व 2025-26 में मशीनों पर खर्च हुए बजट का रिकॉर्ड देने, बिल वाउचर व कोटेशन का मिलान कराने, मरम्मत करने वाली कंपनी की जांच करवाने, मिल की टरबाइन की पिछले तीन वर्षों की मरम्मत की जांच करवाने, मशीनों के नियमित निरीक्षण व रख-रखाव का रिकॉर्ड देने, अफसरों व कर्मियों की जवाबदेही तय करने आदि बिंदुओं पर सूचना पांच दिन में देने की मांग की। उन्होंने डीएम दिव्यांशु पटेल को ज्ञापन सौंपकर पांच दिन में रिपोर्ट नहीं देने पर मिल में धरना देने की चेतावनी दी। डीएम दिव्यांशु पटेल ने जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

सोमवार को किसान मजदूर संगठन करेगा तालाबंदी

किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नु मलिक ने कहा कि सहकारी चीनी मिल बागपत में लगातार भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। भ्रष्टाचार का शिकार किसानों को होना पड़ रहा है। इससे किसानों को काफी परेशानी हो रही है। जब टरबाइन में एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे तो यह कैसे 14 दिन में फट गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाने के लिए सोमवार को मिल के प्रधान प्रबंधक व जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना शुरू किया जाएगा।

—

मिल गेट का गन्ना आवंटित करने की उठाई मांग

बागपत। बागपत से भाजपा विधायक योगेश धामा ने गन्ना एवं चीनी उद्योग आयुक्त को पत्र भेजकर बताया कि बुधवार को सहकारी चीनी मिल बागपत में टरबाइन फटने के कारण पेराई बंद हो गई है। ऐसे में किसानों को गन्ना डालने में परेशानी हो रही है। क्रय केंद्रों का गन्ना तो अन्य मिलों में आवंटित कर दिया गया, लेकिन मिल गेट का गन्ना अन्य मिलों को नहीं भेजा गया है। ऐसे में किसानों के खेतों में गन्ना खड़ा होने के कारण गेहूं की बोआई प्रभावित होगी। उन्होंने गन्ना आयुक्त से जल्द ही मिल गेट का गन्ना आवंटित करने की मांग की।

—

वर्जन

– शनिवार से क्रय केंद्रों पर तौल शुरू हो जाएगी और इसके लिए पत्र जारी कर दिया गया है। साथ ही जांच करने के लिए शासन को भी पत्र लिखा गया है।

-अशर्फी लाल, जिला गन्ना अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X