Kaushambi News:मातृ एवं शिशु अस्पताल में एक दिन में तीन नवजात की मौत – Three Newborns Die In A Single Day At A Maternal And Child Hospital
मुख्यालय स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के मातृ एवं शिशु अस्पताल में एक ही दिन में तीन नवजात की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार, इनमें दो नवजात मृत पैदा हुए थे, जबकि तीसरे की जन्म के बाद मौत हुई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
सराय अकिल क्षेत्र के भगवानपुर बहुगरा निवासी सोनम मौर्य ने शाम करीब साढ़े सात बजे बेटी को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि नवजात को एनआईसीयू में भर्ती किया गया था, लेकिन दूसरे बच्चे को रखने के लिए उसे बाहर निकाल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रसव के नाम पर रुपये लेने का भी आरोप लगाया।
वहीं, भेलखा निवासी राजरानी के परिजनों ने प्रसव के दौरान पेट पर अधिक दबाव डालने से नवजात की मौत होने का आरोप लगाया। तीसरी घटना में बक्शीपर निवासी मधु देवी ने रात करीब 10:20 बजे बच्चे को जन्म दिया, लेकिन नवजात की जान नहीं बच सकी।
प्राचार्य बोले, दो नवजात मृत पैदा हुए थे
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरिओम सिंह ने बताया कि तीन में से दो नवजात की मौत प्रसव से पहले ही हो चुकी थी। एक नवजात की सांस लेने में परेशानी के कारण मौत हुई। उनके अनुसार, आशा कार्यकर्ता ने नवजात का मुंह कपड़े से ढंक दिया था, जिससे उसे सांस लेने में दिक्कत हुई। उधर, कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद ही मौतों के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।
