सोनीपत। राई औद्योगिक क्षेत्र के गेट नंबर-1 के सामने शनिवार को शराब से भरी पिकअप ने बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में बोलेरो सवार तीन युवक घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पिकअप चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने पिकअप से 195 पेटी शराब बरामद की है।
गांव मंडौरा निवासी अंकित अपने दो दोस्तों के साथ शॉपिंग मॉल से बोलेरो में सवार होकर लौट रहे थे। जब वह राई औद्योगिक क्षेत्र के गेट नंबर-1 के सामने सर्विस रोड पर पहुंचे तो शराब से भरी पिकअप ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में अंकित और उनके दोनों साथी घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। संवाद

फोटो: सोनीपत के गांव राई औद्योगिक क्षेत्र के पास दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त खड़ी बोलेरो गाड़ी।