रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चरखी दादरी

Charkhi Dadri News:धुंध के आगाज के साथ सड़कों पर बढ़ा हादसों का खतरा, सुरक्षा इंतजाम नाकाफी – Risk Of Accidents On Roads Rises With The Onset Of Fog; Safety Measures Prove Inadequate

November 29, 2026


चरखी दादरी। सर्दी के मौसम की शुरुआत के साथ ही जिले में धुंध का असर भी बढ़ने लगा है लेकिन सड़कों पर वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। जिलेभर की सड़कों पर कहीं सफेद पट्टी नहीं है तो कहीं सड़क किनारे लगे संकेतक और साइन बोर्ड टूटे पड़े हैं। कई मार्गों पर स्पीड ब्रेकर की जानकारी देने वाले संकेतक तक नहीं हैं।

ऐसे में धुंध के दौरान वाहन चालकों के लिए सफर करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। खासकर रात और सुबह के समय दृश्यता कम होने पर सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

सफेद पट्टी गायब

जिले की कई प्रमुख सड़कों पर सफेद पट्टी नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बीच और किनारों पर सफेद पट्टी होने से धुंध के दौरान वाहन चालकों को सड़क की दिशा और सीमा का अंदाजा लगाने में मदद मिलती है लेकिन कई मार्गों पर यह व्यवस्था नदारद है। ऐसे में कम दृश्यता के दौरान वाहन सड़क से नीचे उतरने या दूसरी लेन में जाने का खतरा बना रहता है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और रात के समय सफर करने वालों के लिए यह स्थिति अधिक खतरनाक है।

टूटे साइन बोर्ड और संकेतक बढ़ा रहे परेशानी

सड़कों पर लगे साइन बोर्ड और दिशा सूचक संकेतक भी कई जगह बदहाल स्थिति में हैं। कहीं बोर्ड टूट चुके हैं तो कहीं संकेतक गायब हैं। ऐसे में अनजान रास्तों पर चलने वाले वाहन चालकों को आगे आने वाले मोड़, चौराहे और अन्य संभावित खतरों की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती। कई जगह स्पीड ब्रेकर होने के बावजूद उनके आसपास चेतावनी संकेतक और पर्याप्त दृश्य पहचान की व्यवस्था नहीं है। धुंध में अचानक ब्रेकर सामने आने से वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है और हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

नेशनल हाईवे पर भी सुरक्षा इंतजामों की दरकार

जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में धुंध के मौसम में सड़क पर स्पष्ट संकेतक, रिफ्लेक्टर, सफेद पट्टी और चेतावनी बोर्ड होना बेहद जरूरी है। इन व्यवस्थाओं के अभाव में वाहन चालकों को आगे की सड़क का अंदाजा लगाने में दिक्कत हो सकती है। हाईवे पर कहीं भी सुरक्षा व्यवस्था में कमी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

ग्रामीण मार्गों पर बेसहारा पशुओं का आतंक

शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर भी वाहन चालकों की मुश्किलें कम नहीं हैं। ग्रामीण मार्गों पर बेसहारा पशु सड़कों पर घूमते और कई बार बीच सड़क पर बैठे नजर आते हैं। धुंध के दौरान दूर तक दिखाई न देने से अचानक सामने आने वाले पशु हादसों की आशंका बढ़ा देते हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में भी पशुओं को सड़कों से हटाने और उनके लिए उचित व्यवस्था करने की जरूरत है।

वर्जन:

जिलेभर में सड़कों को सुधारने पर काम चल रहा है। सफेद पट्टियां लगाई जा रही हैं। जल्द संकेतक, ग्रिल आदि को बदला जा रहा है।

—गुरचरण, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X