रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
शामली

Shamli News:25 दिन तक रोज सुबह दो घंटे आते थे ठगों के फोन – For 25 Days, Calls From Thugs Came Every Morning For Two Hours

November 29, 2026


शामली। दयानंद नगर निवासी सेवानिवृत्त एएनएम संध्या शर्मा से 13 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में नए तथ्य सामने आए हैं। ठगों ने उन्हें 25 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के जाल में रखकर मानसिक दबाव बनाया। संध्या के अनुसार आरोपियों के फोन रोज सुबह नौ से पूर्वाह्न 11 बजे के बीच आते थे। इस दौरान उनसे परिवार के सदस्यों और उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली जाती थी। उन्हें ज्यादातर समय कमरे में रहने के निर्देश दिए गए थे।

संध्या ने बताया कि ठग कभी खुद को दिल्ली पुलिस तो कभी सीबीआई का अधिकारी बताते थे। गिरफ्तारी और बच्चों को जेल भेजने की धमकी देकर उन्हें इतना डरा दिया गया था कि वह किसी को कुछ बताने की हिम्मत नहीं जुटा सकीं। आरोपियों ने किसी को जानकारी देने पर जिंदगीभर सलाखों के पीछे पहुंचाने की धमकी दी थी।

पीड़िता से तीन किस्तों में ठगे 13 लाख रुपये

संध्या शर्मा ने बताया कि ठगों ने तीन बार आरटीजीएस के माध्यम से उनसे रकम ट्रांसफर कराई। 10 नवंबर को 9,00,047.20 रुपये, 18 नवंबर को 2,00,023.60 रुपये और 25 नवंबर को 2,00,023.60 रुपये भेजे गए। इस तरह कुल 13,00,094.40 रुपये आगरा स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में पहुंचे। पीड़िता ने लेनदेन का बैंक स्टेटमेंट भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

बेटी की शादी के जेवर गिरवी रखकर लिया लोन

ठगों के दबाव में संध्या ने बेटी की शादी के लिए रखे सोने के सेट, चेन और अन्य जेवर बैंक में गिरवी रख दिए। इन जेवरों के बदले 2.43 लाख रुपये का लोन लिया और यह रकम भी ठगों के बताए खातों में भेज दी। उन्होंने बताया कि 25 दिनों तक वह जिस मानसिक तनाव से गुजरीं, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

महाराष्ट्र और ओडिशा के खातों में पहुंची रकम

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ठगी की रकम महाराष्ट्र और ओडिशा के बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई है। साइबर पुलिस बैंक खातों में हुए लेनदेन और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X