Mau News:यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर मिलेगी मासिक पाठ्यक्रम की जानकारी – Information Regarding The Monthly Syllabus Will Be Available On The Up Board Website
मऊ। यूपी बोर्ड से संबद्ध माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को नए शैक्षिक सत्र में पढ़ाई की तैयारी के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा नौ से 12 तक का मासिक पाठ्यक्रम (शैक्षणिक कैलेंडर) जारी कर दिया है, इसे परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
विद्यार्थी विषयवार पाठ्यक्रम डाउनलोड कर पूरे साल की पढ़ाई की योजना बना सकेंगे, इससे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की तैयारी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। साथ ही शिक्षकों को भी निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा कराने में सहूलियत होगी।
जिले में 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त और 422 मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। बोर्ड परीक्षा हाईस्कूल में 36,882 और इंटरमीडिएट में 34,916 सहित 71798 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से वेबसाइट पर अपलोड कक्षा नौ से 12 तक का मासिक पाठ्यक्रम (शैक्षणिक कैलेंडर) के लिए अलग-अलग विकल्प दिए गए हैं। विद्यार्थी अपनी कक्षा का चयन कर संबंधित विषय का मासिक पाठ्यक्रम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। कक्षा नौ और 10 में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, उर्दू, चित्रकला, गृहविज्ञान, कंप्यूटर, वाणिज्य और संगीत समेत विभिन्न विषय शामिल हैं। वहीं कक्षा 11 और 12 में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, लेखाशास्त्र और व्यवसाय अध्ययन समेत अन्य विषयों का पाठ्यक्रम उपलब्ध कराया गया है।
इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद का कहना है कि विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए शैक्षणिक कैलेंडर अपलोड किया गया है। विद्यार्थी इसके अनुसार पढ़ाई करेंगे तो काफी सुविधा रहेगी।
विद्यार्थी अपनी कक्षा का चयन कर विषयवार मासिक पाठ्यक्रम की पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं, इससे उन्हें पता चल सकेगा कि किस महीने में किस विषय के कितने पाठ पूरे करने हैं। संवाद
