अफजलगढ़। आम के बाग में पेड़ पर लटके मिले युवक के शव के मामले में कोई कार्रवाई न किए जाने तथा नामजद आरोपियों को थाने से छोड़ने के बाद आक्रोशित परिजन थाने पहुंचे और हंगामा करते हुए आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और थाने के गेट पर बैठ गए।
रविवार को नगर के मोहल्ला गौहर अली खां निवासी बेगराज के पुत्र ललित (18) का शव ईदगाह के पास स्थित आम के बाग में पेड़ पर लटका मिला था। मृतक की मां सरोज देवी ने तीन युवकों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद पुलिस आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने लाई और इसके बाद थाने से छोड़ दिया। जिसके बाद मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए और बुधवार की देर शाम करीब 9 बजे थाने पहुंचे और आरोपियों को छोड़ने के मामले में हंगामा करने लगे।
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। परिजन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने तथा गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। समाचार लिखे जाने तक परिजन थाने पर ही अपनी मांग को लेकर अड़े हुए थे। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।सीडीआर निकलवाई जा रही है। हर पहलू पर जांच की जा रही है।