Charkhi Dadri News:डॉग स्क्वॉयड ने खंगाले ट्रेन के कोच और यात्रियों का सामान – The Dog Squad Searched The Train Coaches And Passengers’ Luggage
चरखी दादरी। जिले में नशा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए दादरी पुलिस ने रविवार को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने डॉग स्क्वॉयड और जीआरपी के साथ मिलकर सार्वजनिक परिवहन के साधनों और परिसरों की बारीकी से जांच की। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेनों के जनरल और रिजर्व कोचों की तलाशी ली गई, वहीं यात्रियों के बैग, सूटकेस और अन्य सामान को भी स्निफर डॉग की मदद से खंगाला गया। अभियान के दौरान कोई नशीला या अवैध पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. के निर्देश पर थाना शहर प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रेन के सामान्य और आरक्षित दोनों श्रेणियों के कोचों की जांच की। पुलिस कर्मचारियों ने सीटों के नीचे, लगेज रैक, शौचालय और अन्य स्थानों की तलाशी ली। डॉग स्क्वॉड की मदद से यात्रियों के बैग, सूटकेस और भारी सामान की जांच की गई। इसके अलावा प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर के आसपास और स्टेशन परिसर में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
बस स्टैंड पर भी खंगाला यात्रियों का सामान
रेलवे स्टेशन के साथ बस स्टैंड पर भी पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। यहां बसों में रखे लगेज और सार्वजनिक परिसर में मौजूद संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। पुलिस कर्मचारियों ने यात्रियों और आमजन से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।
सार्वजनिक परिवहन से नशा सप्लाई रोकने पर फोकस
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान दोनों सार्वजनिक स्थलों से कोई संदिग्ध, नशीली या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि बसों और ट्रेनों के माध्यम से नशीले पदार्थों की सप्लाई रोकने के लिए निगरानी और औचक चेकिंग जारी रहेगी। एसपी लोगेश कुमार पी. ने कहा कि बसों और ट्रेनों का इस्तेमाल किसी भी सूरत में नशा तस्करी के लिए नहीं होने दिया जाएगा। अंतरराज्यीय रेल मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि जिले में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के सर्च ऑपरेशन लगातार और औचक रूप से जारी रहेंगे। एसपी ने आमजन और रेल यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
