रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehabad News:हाईवे पर बेसहारा पशुओं का खतरा, हर माह 8-10 हादसे – Danger From Stray Animals On The Highway; 10 Accidents Every Month
फतेहाबाद

Fatehabad News:हाईवे पर बेसहारा पशुओं का खतरा, हर माह 8-10 हादसे – Danger From Stray Animals On The Highway; 10 Accidents Every Month

November 22, 2026


फतेहाबाद। सर्दियां शुरू हो रही हैं और सुबह-शाम धुंध का असर भी बढ़ने लगा है। ऐसे में हाईवे और स्टेट हाईवे पर घूम रहे बेसहारा पशु वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। फतेहाबाद में नेशनल हाईवे पर नीलगाय के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, वहीं राज्य मार्गो और शहर की सड़कों पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। चिंताजनक यह है कि शहर में बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए पिछले छह माह से कोई एजेंसी नहीं है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद मामला रेट में फंसा हुआ है। ऐसे में धुंध के दौरान पशुओं से टकराने का खतरा और बढ़ सकता है।

–

फतेहाबाद से गुजर रहे नेशनल हाईवे पर बड़ोपल, धांगड़, खाराखेड़ी और भोडा होशनाक के आसपास खेतों से अचानक नीलगाय और अन्य पशु सड़क पर आ जाते हैं। वाहन चालकों को संभलने का मौका नहीं मिलता और टक्कर हो जाती है। स्थानीय स्तर पर हर माह ऐसे 8 से 10 हादसे होने की बात सामने आई है। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच पशुओं का अचानक आना गंभीर हादसों का कारण बन रहा है।

शहर में भी हालात कम चिंताजनक नहीं हैं। पड़ताल में सामने आया कि हिसार-सिरसा रोड पर पुरानी सब्जी मंडी के सामने और मिनी बाइपास पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। इसके अलावा पंजाब के बुडलाढा से राजस्थान सीमा तक जाने वाले मार्ग पर फतेहाबाद शहर के हिस्से में भी पशु सड़कों पर घूमते दिखाई देते हैं। उधर, टोहाना से गुजर रहे नेशनल हाईवे-148बी पर भी बेसहारा पशुओं की आवाजाही बनी हुई है। यहां सड़क पर घूमते पशु वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं।

– रेट में फंसा टेंडर

नगर परिषद की ओर से पशु पकड़ने के लिए टेंडर लगाया गया था लेकिन एजेंसी ने 1220 रुपये की दर मांगी। इस रेट को मंजूरी देने के लिए प्रस्ताव निदेशालय भेजा गया है। मंजूरी नहीं मिलने के कारण एजेंसी की नियुक्ति अटकी हुई है। छह माह से पशु पकड़ने का काम ठप होने के बीच अब धुंध का मौसम शुरू हो रहा है।

– पुलिस का संदेश, दुर्घटना से देर भली

पुलिस विभाग की तरफ से नेशनल हाईवे पर लोगों को ट्रैफिक का संदेश अनोखे ढंग से दिया गया है। गांव धांगड़ से अग्रोहा के बीच बूथ बनाकर उसमें दुर्घटनाग्रस्त हुई गाड़ी रखी गई है। इसके जरिये पुलिस ने संदेश दिया है कि दुर्घटना से देर भली, अगर जल्दबाजी करेंगे तो ये ही हाल होगा।

– बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। नगर परिषद प्रशासन अपने स्तर पर भी पशु पकड़ रहा है। जल्द ही शहर में घूम रहे पशुओं को पकड़ लिया जाएगा।

सुरेश कुमार, ईओ, नगर परिषद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X