Etawah News:पांच माह से खेत की पैमाइश न होने पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक – Man Climbs Mobile Tower After Failure To Conduct Land Survey For Five Months
सैफई। खेत की पैमाइश के लिए पांच महीने से तहसील के चक्कर काट रहे युवक ने बृहस्पतिवार दोपहर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा कर दिया। लेखपाल पर लगातार चक्कर लगवाने के बावजूद खेत की पैमाइश नहीं करने का आरोप लगाते हुए युवक टावर पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम ने युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
क्षेत्र के लछबाई गांव निवासी तरुण कुमार ने बताया कि वह अपने खेत की पैमाइश कराने के लिए पिछले पांच महीने से तहसील के चक्कर लगा रहा है। इसके बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। आरोप है कि लेखपाल लगातार उसे टाल रहे हैं और पैमाइश नहीं की जा रही है। इससे परेशान होकर बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे वह गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने उसे फोन कर नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी उपनिरीक्षक स्वदेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार आभा चौधरी और क्षेत्रीय लेखपाल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक युवक को समझाया। काफी कोशिश के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। प्रभारी तहसीलदार आभा चौधरी ने बताया कि पंकज का बंटवारे का मुकदमा एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। मामले की सुनवाई की जा रही है।
