रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Etawah News:118 साल पुरानी परंपरा का आगाज, एक माह तक सजेगी इटावा नुमाइश – A 118-year-old Tradition Begins; The Etawah Numaish (exhibition) Will Be On Display For A Month
इटावा

Etawah News:118 साल पुरानी परंपरा का आगाज, एक माह तक सजेगी इटावा नुमाइश – A 118-year-old Tradition Begins; The Etawah Numaish (exhibition) Will Be On Display For A Month

November 23, 2026


इटावा। 118 साल पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रविवार को इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ हो गया। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया। इससे पहले विधि-विधान से बेदी पूजन कराया गया। शहीद स्मारक पर राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद अधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नुमाइश पंडाल में आयोजित स्वागत समारोह में डीएम ने कहा कि इटावा महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जिले की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा है। 118 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा ने कई पीढ़ियों और समय के उतार-चढ़ाव देखे हैं। इसे और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार महोत्सव में इसरो की विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारियां मिल सकेंगी।

अयोध्या के मानस मनीषी मैथिलीशरण जी का प्रवचन और मानस सम्मेलन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। डीएम ने बताया कि इस बार करीब 200 से अधिक दुकानदारों को स्थान दिया गया है। स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ लोगों को विभिन्न उत्पाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा और प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने की अपील की। एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महोत्सव में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।

लोगों की सुविधा के लिए 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। इस मौके पर सीडीओ संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक मनोज प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, वरिष्ठ कोषाधिकारी डोगरा शक्ति रहे।

————–

प्रभारी मंत्री ने महोत्सव में कार्यक्रम का किया शुभारंभ

इटावा। जिले की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी के अंतर्गत नुमाइश पंडाल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर संत विवेकानंद स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरे पंडाल में उत्साह और उल्लास का माहौल बन गया। सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल समेत कई प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे। (संवाद)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X