Fatehabad News:नशे के अंधेरे से युवाओं को बचाने में समाज की साझी जिम्मेदारी, पुलिस के साथ जनभागीदारी जरूरी – Society Shares A Collective Responsibility To Protect The Youth From The Darkness Of Substance Abuse; Public Participation Alongside The Police Is Essential
जाखल। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि हर गांव और परिवार की साझा जिम्मेदारी है। समाज की सक्रिय भागीदारी के बिना नशे को जड़ से खत्म करना संभव नहीं है।
यह बात हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के डीआईजी मनवीर सिंह ने गांव साधनवास में वीरवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कही। एचएसएनसीबी की फतेहाबाद यूनिट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भाग लिया।
डीआईजी मनवीर सिंह ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इससे युवाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होता है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनसे नियमित संवाद बनाए रखने की अपील की। युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। डीआईजी ने कहा कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आमजन भी नशे से संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाकर इस अभियान में सहयोग करें।
कार्यक्रम में गांव साधनवास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से नशे के खिलाफ संदेश दिया। कक्षा 12वीं के लवप्रीत ने भाषण में नशे के दुष्परिणाम बताए जबकि कक्षा 10वीं के जसमीत ने गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में डीएसपी जगजीत सिंह, डीएसपी नर सिंह, टोहाना सरकारी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पंवार, थाना जाखल प्रभारी बलराज सिंह और एचएसएनसीबी फतेहाबाद यूनिट प्रभारी तरसेम सिंह मौजूद रहे। मंच संचालन एएसआई सुंदर लाल ने किया।
इस अवसर पर सरपंच गुरप्रीत सिंह, सरपंच एसोसिएशन प्रधान कमलदीप, तलवाड़ा के सरपंच प्रतिनिधि मनदीप, नत्थूवाल के सरपंच गुरमेल, म्योंद खुर्द के सरपंच गुरमीत, पूर्व सरपंच नरेंद्र सिंह बढ़ियाल, संजू, ब्लॉक समिति सदस्य रामचंद्र, पंच महावीर, गुरमुख प्रधानाचार्य महावीर सिंह, शिक्षक बंसल और विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
