रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Firozabad News:बेटे की मौत का गम लिए प्रमाणपत्र के लिए सिस्टम से जूझ रहा पिता – A Father, Grieving The Death Of His Son, Struggles Against The System To Obtain A Certificate
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:बेटे की मौत का गम लिए प्रमाणपत्र के लिए सिस्टम से जूझ रहा पिता – A Father, Grieving The Death Of His Son, Struggles Against The System To Obtain A Certificate

November 28, 2026


सड़क हादसे में गई थी 20 वर्षीय पुत्र की जान, सर्टिफिकेट के लिए ग्राम पंचायत और जिला अस्पताल के लगाने पड़ रहे चक्कर

संवाद न्यूज एजेंसी

जसराना (फिरोजाबाद)। बीस बरस के जवान बेटे की अर्थी उठने का दर्द अभी कलेजे से जुदा भी नहीं हुआ था कि एक बेबस पिता को सरकारी दफ्तरों की बेरुखी और कागजी उलझनों के आगे लाचार कर दिया गया। सड़क हादसे में जवान बेटा खो चुके प्रानपुर निवासी महाराज सिंह बेटे की मृत्यु का प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए सिस्टम का सितम झेल रहे हैं। पंचायत सचिव से लेकर जिला अस्पताल तक हर दरवाजे से उन्हें सिर्फ टालमटोल और पल्ला झाड़ने का रवैया ही मिला। मौत के समय और स्थान पर पुलिस व पिता के दावों के विरोधाभास के बीच फंसा मृत्यु प्रमाणपत्र का पेच सिस्टम में उलझ गया है।

थाना क्षेत्र के गांव प्रानपुर निवासी महाराज सिंह अपने 20 वर्षीय बेटे सचिन की मौत के आंसू पोंछने के बजाय उसका मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। महाराज सिंह ने बताया कि 21 नवंबर को ग्राम पंचायत उतरारा की सीमा में हुए एक सड़क हादसे में उनके पुत्र सचिन की जान चली गई थी, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया।

महाराज सिंह का कहना है कि बेटे की चिता की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि आगे की कानूनी और जरूरी प्रक्रियाओं के लिए मृत्यु प्रमाणपत्र की दरकार पड़ी। इसी उम्मीद के साथ वे ग्राम पंचायत उतरारा के सचिव के पास पहुंचे। सचिव ने पुलिस रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। जब वे जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां संबंधित घटना का कोई रिकॉर्ड ही न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया गया।

एक तरफ जवान बेटे के बिछड़ने का असहनीय दुख और दूसरी तरफ सरकारी तंत्र की पेचीदगियों ने उन्हें भीतर तक तोड़कर रख दिया है। इस पूरे मामले में मृत्यु के स्थान और समय को लेकर भी विरोधाभास ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पुलिस जहां सचिन की मौत उपचार के दौरान होना बता रही है वहीं पिता का कहना है कि उनके बेटे ने हादसे के मौके पर ही दम तोड़ दिया था। इसी कागजी पेच में न तो पंचायत प्रमाणपत्र जारी कर रही है और न ही जिला अस्पताल।

एसडीएम से शिकायत

मृत्यु प्रमाणपत्र के अभाव में पिता की आगे की सारी जरूरी कार्रवाई ठप पड़ी है। उन्होंने एसडीएम जसराना के यहां शिकायती पत्र देकर गुहार लगाई है और प्रमाणपत्र जारी करने को कहा है।

मामले में जानकारी की जा रही है। विधिक रूप से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ऋषभ पुंडीर, एसडीएम जसराना

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X