Hamirpur (himachal) News:ब्यास नदी पर 24.59 करोड़ से बनेगा सधोड़ा पत्तन डबल लेन पुल – A Double-lane Bridge Will Be Constructed At Sadhoda Pattan On The Beas River At A Cost Of 24.59 Crore
रंगस (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के बड़ा क्षेत्र के दोबड़ कलां से कांगड़ा जिले के सिल्ह गांव को जोड़ने वाले सधोड़ा पत्तन पुल का निर्माण शुरू हो गया है। ब्यास नदी पर 24 करोड़ 59 लाख 25 हजार 405 रुपये की लागत से 250 मीटर लंबे डबल लेन मोटरेबल पुल का निर्माण किया जाएगा।
पुल बनने से लोगों को सिल्ह गांव तक पहुंचने के लिए करीब आठ किलोमीटर कम सफर तय करना पड़ेगा। पुल के साथ फुटपाथ भी बनाया जाएगा, जिससे पैदल आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। वर्षों से लंबित इस मांग के पूरा होने की दिशा में अब काम शुरू हो गया है।
दोनों जिलों के बीच ब्यास नदी पार करने के लिए स्थानीय लोगों को अब तक किश्ती का सहारा लेना पड़ता था। पुल बनने से बड़ा क्षेत्र के लोगों को सिल्ह, मझीण, खुडियां और ज्वालाजी सहित कांगड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक और कम दूरी वाला मार्ग उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कुछ माह पहले पुल का शिलान्यास कर निर्माण को मंजूरी दी थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू कर दिया है। फिलहाल प्रारंभिक चरण में पुल की नींव तैयार की जा रही है।
ठेकेदार को निर्माण पूरा करने के लिए 18 माह का समय दिया गया है। पुल बनने से हमीरपुर और कांगड़ा जिलों के सीमावर्ती गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा। क्षेत्र के लोग लंबे समय से किश्ती के माध्यम से नदी पार कर सिल्ह और मझीण क्षेत्र में अपने रिश्तेदारों से मिलने और अन्य कार्यों के लिए आते-जाते रहे हैं।
बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन जोखिम भरा हो जाता था। पुल बनने से लोगों को इस परेशानी से राहत मिलेगी। यह पुल व्यापारिक और कृषि गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ब्यास नदी के दोनों किनारों पर बसे गांवों में लंबे समय से व्यावसायिक खेती होती रही है। पुल बनने से कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी और दोनों जिलों के बीच आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। संवाद
कोट
दोबड़ कलां की ओर से ब्यास नदी पर सधोड़ा पत्तन पुल का निर्माण शुरू कर दिया है। प्रारंभिक चरण में नींव का कार्य किया जा रहा है, ताकि निर्धारित समयावधि में पुल का निर्माण पूरा किया जा सके। -पंकज कौशल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग उपमंडल नादौन
