Hathras News:अब बिना ओटीपी के ऑनलाइन नहीं भरे जा सकेंगे सेशनल अंक – Sessional Marks Can No Longer Be Entered Online Without An Otp
हाथरस। उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा परिषद ने पॉलिटेक्निक की विषम सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के आंतरिक मूल्यांकन और अंक अपलोड करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए बड़ा बदलाव किया है। अब जनपद का कोई भी संस्थान विद्यार्थियों के सेशनल, गेम्स और अनुशासन के अंक सीधे ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं कर सकेगा।
इसके लिए संबंधित संस्थान के प्रधानाचार्य का वन टाइम पासवर्ड दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है। प्रधानाचार्य राजकीय महामाया पॉलिटेक्निक डॉ. सोनवीर सिंह ने बताया कि परिषद के सचिव डॉ. संतोष कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी राजकीय, अनुदानित, निजी और पीपीपी मॉडल पर संचालित पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्यों व निदेशकों को इस संबंध में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद जिले के भी सभी सरकारी और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में अंक भरने की प्रक्रिया पूरी तरह प्रधानाचार्य की सीधी निगरानी में संपन्न होगी।
आठ घंटे तक मान्य रहेगा एक बार जारी ओटीपी
प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से यह ओटीपी संबंधित संस्था के प्रधानाचार्य के पंजीकृत मोबाइल नंबर और आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा जाएगा। शिक्षकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिषद ने स्पष्ट किया है कि एक बार जारी किया गया ओटीपी आठ घंटे तक वैध रहेगा। इससे पोर्टल पर अंक अपलोड करने की प्रक्रिया के दौरान बार-बार ओटीपी मंगाने की झंझट नहीं रहेगी और काम सुचारु रूप से हो सकेगा।
अंकों में हेरफेर पर लगेगी लगाम, 30 नवंबर अंतिम तिथि
शिक्षाविदों का मानना है कि ओटीपी आधारित व्यवस्था लागू होने से सेशनल, खेलकूद और अनुशासन के अंकों में होने वाली संभावित अनियमितता या मनमानी पर पूरी तरह रोक लग सकेगी, क्योंकि प्रधानाचार्य की अनुमति के बिना डेटा लॉक नहीं हो पाएगा। परिषद ने यह भी साफ कर दिया है कि अंक भरने की अंतिम तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा यानी 30 नवंबर तक हर हाल में समस्त विद्यार्थियों के अंक ऑनलाइन फीड करना सुनिश्चित करना होगा।
