Jaunpur News:निबंध में आयुष यादव और प्रश्नोत्तरी में आयुष कुमार रहे अव्वल – Ayush Yadav Topped In The Essay, And Ayush Kumar Was First In The Quiz
जौनपुर। पूविवि के इंजीनियरिंग संकाय में निर्वाचन साक्षरता क्लब की ओर से आयोजित निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। निबंध प्रतियोगिता में बीसीए प्रथम वर्ष के आयुष यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीटेक कंप्यूटर साइंस चतुर्थ वर्ष के आयुष कुमार यादव अव्वल रहे। निबंध प्रतियोगिता में बीटेक कंप्यूटर साइंस चतुर्थ वर्ष के आयुष कुमार यादव ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीटेक कंप्यूटर साइंस तृतीय वर्ष के अमित कुमार यादव और बीसीए प्रथम वर्ष के आयुष द्विवेदी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिताओं में मतदाता सूची का महत्व, उसमें नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से जुड़े सवाल शामिल किए गए। संकाय अध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मतदाता जागरूकता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। युवाओं को मतदान के महत्व के साथ अपने सांविधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। निर्वाचन साक्षरता क्लब के संकाय समन्वयक डॉ. प्रेमचंद यादव और आदित्य जायसवाल ने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना की।
