जौनपुर। पूविवि में विषम सेमेस्टर सत्र 2026-27 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बृहस्पतिवार से शुरू हुआ। बाला साहब देवरस केंद्रीय मूल्यांकन भवन में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने परीक्षकों को मूल्यांकन के लिए उत्तर पुस्तिकाएं सौंपीं। कुलपति ने कहा कि मूल्यांकन की गुणवत्ता से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा और परिश्रम का सही आकलन होता है। इसलिए सभी परीक्षक निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ जिम्मेदारी निभाएं। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि निर्धारित समय में परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को परेशानी न हो। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने मूल्यांकन में शुद्धता और सावधानी बरतने पर जोर दिया। वहीं, मूल्यांकन समन्वयक डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस दौरान प्रो. गिरिधर मिश्र, डॉ. अमरेंद्र सिंह, डॉ. अजय कुमार, डॉ. ममता सिंह, डॉ. श्याम सुंदर उपाध्याय आदि रहे।