Jind News:जिले में 335 बसों में करीब 60 पुरानी बसों में नहीं हैं फॉग लाइट – Out Of 335 Buses In The District, About 60 Older Buses Lack Fog Lights
जींद। धुंध के मौसम में सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए जिले में बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। जींद में रोडवेज और परिवहन समितियों की करीब 335 बसें संचालित हैं। इनमें से लगभग 60 पुरानी मॉडल की बसों में अभी फॉग लाइट नहीं लगी हैं। हालांकि नई बसें कंपनी से ही फॉग लाइट लगकर आ रही हैं। रोडवेज प्रशासन ने जिन पुरानी बसों में यह सुविधा नहीं है, उनमें भी फॉग लाइट लगवाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में रोडवेज की करीब 165 और परिवहन समितियों की लगभग 170 बसें यात्रियों को परिवहन सुविधा दे रही हैं। इनमें प्रतिदिन 15 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। नई बसों में फॉग लाइट की सुविधा होने से कोहरे के दौरान चालकों को सड़क देखने में मदद मिलती है। वहीं, पुरानी मॉडल की कुछ बसों में यह सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें धुंध में संचालन के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि बिना फॉग लाइट वाली बसों में इन्हें लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।
बाक्स
कोहरे में फॉग लाइट और सफेद पट्टियां हैं मददगार
कोहरे में सामान्य हेडलाइट की तेज रोशनी कई बार सामने से वापस परावर्तित होकर दृश्यता कम कर देती है। ऐसे में फॉग लाइट सड़क की सतह के करीब रोशनी डालती है, जिससे सड़क के किनारे और आगे की स्थिति समझने में मदद मिलती है। सड़क पर बनी सफेद पट्टियां, रिफ्लेक्टर और कैट्स आई भी चालक को लेन और सड़क की सीमा पहचानने में मदद करते हैं। अंधे मोड़, पुल और अघोषित कटों पर इनकी उपयोगिता और बढ़ जाती है।
बाक्स
बिना फॉग लाइट वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस की नजर
धुंध के मौसम में यातायात पुलिस भी सुरक्षा को लेकर सतर्क है। रात के समय बिना फॉग लाइट के चलने वाले वाहनों के चालान किए जा रहे हैं। वाहन चालकों को भी कोहरे में धीमी गति रखने, लो-बीम हेडलाइट का इस्तेमाल करने और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। हाई-बीम लाइट, अचानक ब्रेक लगाने और तेज गति से ओवरटेक करने से बचना चाहिए। दृश्यता बहुत कम होने पर वाहन को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रोकना बेहतर है।
बाक्स
रोडवेज प्रशासन और परिवहन समितियों को बसों में फॉग लाइट, रिफ्लेक्टर, इंडिकेटर और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच करवानी चाहिए। यातायात पुलिस को भी धुंध के दौरान गति नियंत्रण, जागरूकता और नियमों के पालन पर विशेष ध्यान देना होगा। नई तकनीक और सड़क सुरक्षा अभियान तभी कारगर होंगे, जब परिवहन संचालक, चालक और यात्री सभी अपनी जिम्मेदारी समझेंगे। -सुनील वशिष्ठ, समाजसेवी
बाक्स
जिन बसों में फॉग लाइट नहीं है। उनमें जल्द ही फॉग लाइट लगवाई जाएगी। इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। -राहुल जैन जीएम रोडवेज

24जेएनडी18,19,20: शहर के बस अड्डे पर खड़ी परिवहन समिति व रोडवेज की बिना फॉग लाइट के बस। संवाद
