Kangra News:चंदन के पेड़ काटने के तीन दोषियों की सजा बरकरार – Sentences Upheld For Three Individuals Convicted Of Cutting Down Sandalwood Trees
धर्मशाला। ज्वालामुखी क्षेत्र में चंदन के पेड़ काटने के मामले में दोषी ठहराए गए तीन आरोपियों को अदालत से राहत नहीं मिली है। देहरा की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सपना पांडे की अदालत ने वीरवार को तीनों की अपील खारिज करते हुए निचली अदालत की छह-छह महीने के कारावास की सजा बरकरार रखी है।
अदालत ने माना कि चंदन के पेड़ों की अवैध कटाई से सार्वजनिक संसाधनों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। आरोपियों को निचली अदालत में आत्मसमर्पण कर सजा भुगतने के निर्देश दिए गए हैं। मामला 27 फरवरी 2019 की रात का है। चिहड़ू निवासी राजेंद्र कुमार ने खेत की ओर से पेड़ काटने की आवाज सुनी।
वह पत्नी उर्मिला शर्मा के साथ मौके पर पहुंचे तो तीन लोग चंदन का पेड़ काट रहे थे। दंपती ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने हाथापाई की और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। मौके पर उनकी बाइक, छेनी और मफलर छूट गए थे।
पुलिस जांच के बाद अजीत कुमार, मिंटू कुमार और गिरीश कुमार के खिलाफ चालान पेश किया गया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-दो, देहरा ने 30 जून 2026 को तीनों को दोषी ठहराया था। 5 अगस्त को उन्हें चोरी और साक्ष्य मिटाने के अपराध में छह-छह महीने का साधारण कारावास और प्रत्येक अपराध में पांच-पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी।
आरोपियों ने फैसले को चुनौती देते हुए पहचान और गवाहों के बयानों में विरोधाभास की दलील दी थी। हालांकि, अपीलीय अदालत ने शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी की गवाही को विश्वसनीय माना और निचली अदालत के फैसले में हस्तक्षेप से इन्कार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि आत्मसमर्पण नहीं करने पर आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी कर सजा का निष्पादन किया जाएगा।
