Kullu News:दस खेलों में 15 से 30 वर्ष के युवा दिखाएंगे दमखम – Youth Aged 15 To 30 Will Showcase Their Prowess Across Ten Sports
कुल्लू। युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए युवा सेवाएं एवं खेल विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान के तहत जिला कुल्लू में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक और युवतियां भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं कुल्लू, मनाली, बंजार, आनी और निरमंड उपमंडलों में आयोजित होंगी। इनमें वॉलीबॉल, कबड्डी, फुटबॉल, बास्केटबॉल, रस्साकशी, हॉकी, कुश्ती, एथलेटिक्स, क्रिकेट और बैडमिंटन सहित दस खेल शामिल हैं। आयोजन की तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी।
उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार, द्वितीय को 41 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कविता ठाकुर ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क है। इच्छुक खिलाड़ी 30 नवंबर तक वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने युवा क्लबों, खेल संघों और खिलाड़ियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
