रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ललितपुर

Lalitpur News:गुमटी और खोखा संचालकों ने जिला पंचायत पर जबरन बेदखल करने का लगाया आरोप – Operators Of Small Kiosks And Stalls Have Accused The Zila Panchayat Of Forcibly Evicting Them

November 26, 2026


ललितपुर। महरौनी कस्बे में मवेशी अस्पताल के सामने नगर पंचायत की भूमि पर गुमटी, डिब्बा और खोखा रखकर आजीविका चलाने वाले दुकानदारों ने जिला पंचायत पर जबरन बेदखल करने का आरोप लगाया है। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम बड़ौनिया के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे दुकानदारों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराने और अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में दुकानदारों ने बताया कि वे मवेशी अस्पताल के सामने नगर पंचायत महरौनी की खाली भूमि पर छोटी-छोटी गुमटियां, डिब्बे और खोखे रखकर मजदूरी व कारोबार करते हैं। इसी से वे अपने और परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। इसके एवज में नगर पंचायत को भूमि का किराया भी देते हैं। दुकानदारों के मुताबिक, किराया जमा करने की रसीदें उनके पास मौजूद हैं।

आरोप है कि जिला पंचायत ने मौके पर बिना अधिकार के दुकानों का निर्माण करा दिया है और अब छोटे दुकानदारों को जबरन बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में भूमि के पुराने और नए गाटा नंबरों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि बंदोबस्त वर्ष 1347 फसली के अभिलेखों में संबंधित भूमि के नंबर 995 के नए नंबर 1701क और 1701ख दर्ज हैं। इसी तरह 1702 और 997 नंबर भी दर्ज हैं। दुकानदारों का दावा है कि संबंधित अभिलेखों में कहीं भी जिला परिषद या जिला पंचायत के नाम भूमि दर्ज नहीं है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि संबंधित भूमि के एक हिस्से को लेकर कल्लू राईन बनाम जिला पंचायत का मुकदमा सिविल जज (सीनियर डिवीजन), ललितपुर की अदालत में लंबित है। दुकानदारों ने इस मामले में न्यायालय और उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश होने का दावा भी किया है। उनका कहना है कि बिना सूचना या नोटिस दिए बेदखल किए जाने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो जाएगा।

दुकानदारों ने जिलाधिकारी से भूमि संबंधी अभिलेखों का अध्ययन कराकर पूरे मामले की जांच कराने और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X