Ludhiana News:ओलंपियाड परीक्षा में फर्जीवाड़ा, दो शिक्षिकाओं पर मामला दर्ज – Fraud In Olympiad Exam; Case Registered Against Two Female Teachers
हलवारा। लुधियाना के रायकोट क्षेत्र में नेशनल साइंस ओलंपियाड परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल छोड़ चुकी एक छात्रा के नाम पर दूसरे बच्चे को प्रतिष्ठित परीक्षा में बैठाया गया। पुलिस ने अकाल अकादमी रछीन की मुख्य अध्यापिका और एक अध्यापिका के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार, गांव धालियां निवासी चरणदीप सिंह दियोल की बेटी जसलीन कौर अकाल अकादमी रछीन में पढ़ती थी। शिकायतकर्ता ने अपनी बेटी का नाम अकादमी से कटवा लिया था। 11 नवंबर 2025 को जसलीन का दाखिला रायकोट पब्लिक स्कूल में हो चुका था। इसके बावजूद, 27 नवंबर 2025 को नेशनल साइंस ओलंपियाड 2025-26 की परीक्षा में जसलीन कौर के नाम का इस्तेमाल किया गया। उसकी जगह किसी दूसरे बच्चे ने परीक्षा दी। डीएसपी सब-डिवीजन रायकोट मुराद जसबीर सिंह गिल की जांच में यह मिलीभगत सामने आई। जांच के आधार पर मुख्य अध्यापिका रणबीर कौर और अध्यापिका इंद्रजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार, दोनों शिक्षिकाओं की कथित मिलीभगत से जसलीन कौर के नाम पर परीक्षा फॉर्म भरवाया गया। दूसरे बच्चे से हस्ताक्षर करवाकर परीक्षा दिलवाई गई। पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी मुराद जसबीर सिंह गिल ने बताया कि अकाल अकादमी से रिकॉर्ड मांगा गया है और आरोपियों को समन भेजे जाएंगे।
