Maharajganj News:डीजे की आवाज कम करने को कहने पर युवक को पीटा, चार पर प्राथमिकी दर्ज – Youth Beaten After Asking For Dj Volume To Be Lowered; Fir Registered Against Four Individuals
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सोनरा गांव में तेज आवाज में डीजे बजाने से मना करने पर एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया गया। हमले में युवक के बाएं हाथ के अंगूठे में गंभीर चोट आई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनरा गांव निवासी इंद्रदेव गौड़ ने बताया कि उनके घर के सामने पड़ोस के रामभवन, कृष्णमोहन, रवि और कन्हैया तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। उनके पिता हृदय रोगी हैं, जिन्हें तेज आवाज से परेशानी हो रही थी। इस पर इंद्रदेव ने आरोपियों से डीजे की आवाज कम करने का अनुरोध किया। इसी बात से भड़के चारों लोगों ने उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग निकले।
सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रामभवन, कृष्णमोहन, रवि और कन्हैया निवासी सोनरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
