रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:बारदाने के गोदाम में फिर भड़की आग, चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज – Fire Breaks Out Again In Gunny Bag Warehouse, Fir Registered Against Four

November 27, 2026


मुजफ्फरनगर। कूकड़ा में बारदाने के गोदाम में लगी आग अभी ठंडी नहीं हो रही। बुधवार देर रात ढाई बजे मलबे से निकली चिंगारी फिर शोला बन गई। दमकल विभाग कर्मी आग बुझाकर लौटे ही थे कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 6:30 बजे उन्हें फिर से आग बुझाने के लिए गोदाम पर जाना पड़ा। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उधर, गोदाम मालिक की तहरीर पर पुलिस ने विवाह समारोह में आए चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

नई मंडी क्षेत्र में कूकड़ा विकास खंड कार्यालय के समीप व्यापारी मनोज खंडेलवाल के बारदाने के गोदाम में शनिवार सुबह आग लग गई थी। दमकल विभाग कर्मियों ने एक दर्जन गाड़ियों की मदद से करीब ढाई घंटे में आग पर काबू पाया था।

गोदाम मालिक की ओर से अज्ञात लोगों पर लापरवाही से पटाखे छुड़ाते हुए गोदाम में आग लगने की बात कहते हुए कार्रवाई की मांग की थी। आरोप था कि देवलोक बैंक्वेट हॉल में आई बरात के कुछ बारातियों ने स्विफ्ट डिजायर कार से पटाखे निकालकर आतिशबाजी शुरू की थी। इस दौरान छोड़े गए स्काई शॉट गोदाम के गेट के पास आकर गिरे, जिससे वहां रखे प्लास्टिक के बारदाने में आग लग गई।

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि पीड़ित गोदाम मालिक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच की। शामली के उमरपुर निवासी गौरव कुमार, बागपत के बावली के मयंक के अलावा प्रमोद और सतीश पर लापरवाही से आतिशबाजी करने और कराने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

—

सुलग रही थी चिंगारी, गोदाम से हटाया जाएगा मलबा

शनिवार को आग बुझाए जाने के बावजूद मलबे ने फिर से आग पकड़ ली थी। सीएफओ अनुराग सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात करीब ढाई बजे मलबे में आग की सूचना मिली थी। जिसके बाद दो गाड़ियां मौके पर भेजकर आग बुझवाई गई। बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 6:30 बजे मलबे ने फिर आग पकड़ ली थी। बताया कि वह स्वयं तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। बताया कि अब गोदाम से मलबा पूरी तरह हटवाया जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X