Panipat News:भापरा स्टेडियम के पास बनेगा नमो भारत कॉरिडोर का परियोजना कार्यालय – The Project Office For The Namo Bharat Corridor Will Be Built Near Bhapra Stadium
पांच साल के लिए कार्यालय स्थापित करने की तैयारी, भूमि और राजस्व रिकॉर्ड जुटाने में लगा प्रशासन
मंडल आयुक्त हेमा शर्मा ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। दिल्ली-करनाल नमो भारत कॉरिडोर परियोजना से जुड़े कार्यों के संचालन के लिए समालखा के गांव भापरा में परियोजना कार्यालय स्थापित किया जाएगा। यह कार्यालय भापरा स्टेडियम के नजदीक बनाया जाएगा। फिलहाल पांच वर्ष की अवधि के लिए कार्यालय स्थापित करने की योजना है।
इसके लिए जिला प्रशासन ने उपयुक्त स्थान की तलाश के साथ भूमि और विभागीय रिकॉर्ड जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
परियोजना से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए वीरवार को उपायुक्त कार्यालय में मंडल आयुक्त हेमा शर्मा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें भापरा गांव में प्रस्तावित कार्यालय के लिए भूमि की उपलब्धता, सरकारी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी व प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा की गई।
मंडल आयुक्त हेमा शर्मा ने कहा कि दिल्ली-करनाल नमो भारत कॉरिडोर क्षेत्र के विकास और आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके कार्यों को गति देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यालय के लिए उपयुक्त स्थान, राजस्व रिकॉर्ड और अन्य जरूरी औपचारिकताओं की गंभीरता से जांच करें। सभी आवश्यक जानकारियां समय पर उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि आगामी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी हो सके।
समयबद्ध तरीके से पूरी होंगी औपचारिकताएं
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन नमो भारत कॉरिडोर से जुड़े कार्यों को लेकर गंभीरता से समन्वय कर रहा है। सभी संबंधित विभाग परियोजना की जरूरतों के अनुसार आवश्यक रिकॉर्ड और दस्तावेज तैयार रखें।
भापरा में पांच वर्ष के लिए कार्यालय स्थापित करने के उद्देश्य से स्थान की उपलब्धता के सभी पहलुओं का नियमानुसार आकलन किया जाएगा। विभागों के बीच बेहतर तालमेल से प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि परियोजना के कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
