Raebareli News:अधिकारी ने एसआईआर का लिया जायजा – The Official Took Stock Of The Sir
रायबरेली। विधानसभा की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत रविवार को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के सांख्यिकीय अधिकारी टीपी गुप्ता ने जिले के विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने बछरावां विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र सरौरा स्थित मतदेय स्थल संख्या 42, 43, 44 और 45, कंपोजिट विद्यालय नीमटीकर के बूथ संख्या 67, 68, 69 और 70 तथा प्राथमिक विद्यालय पीठन के मतदेय स्थल संख्या 67 का निरीक्षण किया। इसी तरह रायबरेली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 219, 220 और 221 तथा महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 125 से 130 तक का भ्रमण किया। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों से पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी ली।
उन्होंने बीएलओ को फार्म-6, 7 और 8 से संबंधित आवेदनों को एप के माध्यम से डिजिटाइज करने और उन पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की भी जांच की। कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम शामिल होने से छूटने न पाए। यदि किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं तो फार्म भरवाकर सभी के नाम एक ही बूथ पर शामिल कराने की कार्रवाई की जाए। युवा और छूटे हुए मतदाताओं से फार्म-6 भरवाकर उनके नाम सूची में दर्ज कराए जाएं।
नए मतदाताओं के भरे गए फॉर्म
घुरवारा। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत घुरवारा क्षेत्र में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया तेज की गई। इस दौरान नाम जोड़ने के साथ ही नाम-पता संशोधन और स्थानांतरण से संबंधित फॉर्म भी जमा किए गए। जूनियर हाईस्कूल घुरवारा में बूथ संख्या 424, 425, 426 और 427 पर बीएलओ दीपमाला, रीता मौर्य, सरोज यादव और शैलेंद्र कुमार मौजूद रहे। उन्होंने मतदाताओं के फॉर्म भरवाए। इसके अलावा नरसवा में बूथ संख्या 428, 429 और 431 पर भी बीएलओ ने अभियान के तहत फॉर्म भरवाए। (संवाद)
