हरचंदपुर। हरचंदपुर चौराहे पर बुधवार शाम करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रायबरेली-लखनऊ हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस आधे घंटे से अधिक समय तक फंसी रही। स्कूली वाहनों समेत कई अन्य वाहन भी जाम में फंसे रहे। चौराहे के आसपास सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों और बाजार में भीड़ के चलते यातायात प्रभावित हुआ। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि चौराहे पर जाम लगा था, जिसे खुलवा दिया गया।