रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अधिवक्ता की प्रतिष्ठा मुकदमों की जीत नहीं, नैतिकता से तय होती है :मुख्य न्यायाधीश – The Reputation Of An Advocate Is Determined By His Ethics, Not By The Number Of Cases He Wins: Chief Justice
सोनीपत

अधिवक्ता की प्रतिष्ठा मुकदमों की जीत नहीं, नैतिकता से तय होती है :मुख्य न्यायाधीश – The Reputation Of An Advocate Is Determined By His Ethics, Not By The Number Of Cases He Wins: Chief Justice

November 25, 2026


– डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में ‘धर्मक्षेत्र’ संवाद श्रृंखला का शुभारंभ

– सीजेआई सूर्यकांत ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर विधि विद्यार्थियों को स्वतंत्र चिंतन, तार्किक विवेचन और संवैधानिक नैतिकता अपनाने के लिए किया प्रेरित

संवाद न्यूज एजेंसी

सोनीपत। डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, राई में मंगलवार को धर्मक्षेत्र धर्मपरायणता का मार्ग-विधि, समाज एवं सुशासन पर संवाद श्रृंखला का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने वर्चुअल माध्यम से बतौर विशिष्ट मुख्य अतिथि संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसी अधिवक्ता की वास्तविक प्रतिष्ठा उसकी ओर से जीते गए मुकदमों की संख्या से नहीं, बल्कि मुकदमों की पैरवी के दौरान प्रदर्शित नैतिकता और न्यायालय का विश्वास अर्जित करने की क्षमता से तय होती है।

कुलपति डॉ. देविंद्र सिंह ने संवाद श्रृंखला के विषय की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब कर्तव्यों और निष्ठाओं के बीच अंतर्विरोध की स्थिति पैदा होती है, तब सत्य, न्याय और व्यापक लोक कल्याण के सिद्धांतों का संरक्षण करना सर्वोच्च नैतिक दायित्व बन जाता है। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने धर्म, संवैधानिक नैतिकता और व्यावसायिक नैतिकता के आपसी संबंधों पर विचार रखे। महाभारत में अर्जुन के नैतिक द्वंद्व का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि धर्मपरायणता का अर्थ केवल सही और गलत के बीच अंतर समझना नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और न्याय के पक्ष में खड़े रहने का साहस रखना है। उन्होंने संस्थागत सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और व्यक्तिगत उत्तरदायित्व को संवैधानिक नैतिकता के प्रमुख आधार बताया।

उन्होंने विधि विद्यार्थियों को स्वतंत्र चिंतन, तार्किक विवेचन और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पूर्वनिर्धारित तर्कों पर निर्भर रहने के बजाय चुनौतीपूर्ण प्रश्नों का तार्किक एवं प्रभावी ढंग से जवाब देने में सक्षम होना चाहिए। इसके लिए विभिन्न विचारों का सम्मान करने और अपने तर्कों का निष्पक्ष परीक्षण करने की क्षमता जरूरी है। उन्होंने कहा कि विधि व्यवसाय में व्यावसायिक दक्षता के साथ निरंतरता, उत्तरदायित्व और नैतिक सत्यनिष्ठा भी अनिवार्य हैं। अंत में कुलसचिव प्रो. (डॉ.) आशुतोष मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम की संयोजक सहायक प्रोफेसर डॉ. श्रुति दहिया रहीं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X