Rampur Bushahar News:खनाशणी किंग और रावीं रैपटर्स बने विजेता – Sports News Rampur
शूराचली उत्सव में खेलों को बढ़ावा देने पर जोर : रोहित
शिक्षा मंत्री ने विजेता टीमों को किया सम्मानित, समिति को 75 हजार रुपये देने की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़कों एवं भवनों के निर्माण पर करीब 850 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांदल में स्वर्गीय दिनेश ठाकुर की स्मृति में आयोजित शूराचली पर्यावरण एवं सांस्कृतिक समिति के शूराचली उत्सव-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में क्षेत्र में 206 सड़कों की पासिंग हुई है, जिनमें करीब 66 सड़कें शूराचली क्षेत्र की हैं। चामशु पुल से क्षेत्र को वैकल्पिक संपर्क मार्ग मिलेगा। कोठू-गारली-गिल्टाड़ी सड़क को जोड़ने के साथ क्वालटा-झराशली सड़क तथा घेलटी खड्ड पर पुल निर्माण के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने उत्सव के सफल आयोजन के लिए समिति को 75 हजार रुपये देने की घोषणा की। रोहित ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय कोटखाई के भवन पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जुब्बल खेल छात्रावास में खेल प्रशिक्षण की सुविधाएं एक से बढ़ाकर आठ खेलों तक विस्तारित की गई हैं। वहीं, सरस्वती महाविद्यालय में आठ नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और बी-वॉक शुरू किया गया है। इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कबड्डी, वॉलीबॉल और महिला रस्साकशी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कबड्डी में खनाशणी किंग ने विजेता तथा थाना नेक्सस ने उपविजेता का खिताब जीता। वॉलीबॉल फाइनल में रावीं रैपटर्स ने भोलाड ब्लास्टर को हराकर खिताब अपने नाम किया। महिला रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, कमांडेंट होमगार्ड आरपी नेपटा, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, पूर्व प्रधान बलबीर ठाकुर उपस्थित रहे। मांदल पहुंचने से पहले ग्राम पंचायत थाना के लोगों ने भी शिक्षा मंत्री का स्वागत किया और मैदान एवं मंदिर निर्माण के लिए 6 लाख 30 हजार रुपये उपलब्ध करवाने पर आभार जताया।
