रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कन्नौज

Kannauj News:ईवीएम पर मतदान का डेमो दिखाया – A Demonstration Of Voting On An Evm Was Shown

November 21, 2026


कन्नौज। ईवीएम के प्रति आमजन का विश्वास बढ़ाने और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में ईवीएम प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम हुआ। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने खुद ईवीएम के माध्यम से डेमो मतदान कर मशीन की कार्यप्रणाली को समझा।

डीएम ने मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी लेते हुए ईवीएम पर वोट डालने का प्रदर्शन किया। इसके बाद एसपी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और मौजूद नागरिकों ने भी डेमो मतदान किया। प्रशिक्षण के दौरान लोगों को बताया गया कि ईवीएम के माध्यम से किस प्रकार मतदान किया जाता है और वोट डालने की प्रक्रिया किन चरणों में पूरी होती है। अधिकारियों ने मशीन की कार्यप्रणाली से जुड़ी लोगों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ईवीएम के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना, मतदान प्रक्रिया को लेकर उनकी शंकाओं को दूर करना और निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता के प्रति भरोसा मजबूत करना रहा। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलता है। डीएम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मत का विशेष महत्व है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

सभी नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करनी चाहिए और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए चुनाव में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से मतदान के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X