रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:नकली उर्वरक मामले में दो आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज – Bail Pleas Of Two Accused In Fake Fertilizer Case Rejected

November 21, 2026


मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा क्षेत्र में नकली उर्वरक बनाने और रिपैकिंग करने के आरोप में घिरे गांव भगवानपुरी निवासी सगे भाई अर्जुन पाल और विजय कुमार को न्यायालय से राहत नहीं मिली। अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) कोर्ट संख्या-4 की पीठासीन अधिकारी रेखा सिंह ने दोनों की अग्रिम जमानत अर्जी निरस्त कर दी।

अभियोजन के अनुसार, 26 जुलाई को मिली सूचना पर कृषि विभाग की टीम ने सिखेड़ा में अर्जुन के ट्यूबवेल पर छापा मारा था, वहां गेरू और नमक मिलाकर पोटाश जैसा उर्वरक बनाया जा रहा था। मौके से आईपीएल ब्रांड के 11, सागररत्ना बायो के 39, बलवान ब्रांड ऑर्गेनिक पोटाश के 12, विराट भूमि शक्ति पोटाश के 8 बैग मिले थे।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदा करीब 60 क्विंटल संदिग्ध खुला उर्वरक मौके पर मिला। इसके अलावा सिलाई मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार, झरना और फावड़ा भी बरामद किए गए थे।

मौके पर मौजूद व्यक्ति के पास उर्वरक निर्माण या बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने मौके पर मौजूद शामली के लिलौन निवासी नफीस को हिरासत में लिया। उसने बताया कि ट्यूबवेल अर्जुन का है और वह, विजय कुमार व अर्जुन मिलकर यह काम करते हैं।

उसने यह भी बताया कि अर्जुन के घर में भी अवैध सामग्री रखी है। आरोपियों के घर से काफी मात्रा में खाद सामग्री मिली थी। कृषि विभाग ने कुल छह नमूने जांच के लिए लिए। सारा स्टॉक सिखेड़ा थाना पुलिस को सुपुर्द किया गया।

28 जुलाई 2026 को कृषि विभाग के राहुल तेवतिया की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। बचाव पक्ष ने जमानत प्रार्थनापत्र दाखिल करते हुए तर्क दिया कि एफआईआर विलंब से लिखाई गई। पुलिस ने धारा 35(3) बीएनएसएस में नोटिस देकर छोड़ा है न्यायालय ने कहा कि विवेचना अभी जारी है और आरोपी ऐसा कोई तथ्य नहीं रख सके जिससे साबित हो कि उन्हें झूठा फंसाया गया। अग्रिम जमानत के लिए विशेष असामान्य परिस्थितियां भी सामने नहीं आईं। कोर्ट ने जमानत अर्जी निरस्त कर दी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X