रविदास महाराज की शिक्षाएं सामाजिक एकता और भाईचारे की आधारशिला :धर्मबीर – Teachings Of Ravidas Maharaj Are The Cornerstone Of Social Unity And Brotherhood: Dharambir
भिवानी। लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि सद्गुरु रविदास महाराज की शिक्षाएं सामाजिक समानता, भाईचारे और मानव कल्याण की प्रेरणा देती हैं। उनके 650वें जयंती वर्ष पर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा देशभर में सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव का संदेश पहुंचाएगी।
वे रविवार को भिवानी के विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सद्गुरु रविदास महाराज ने सदियों पहले समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता के साथ रहने का मार्ग दिखाया था। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। संत-महापुरुष किसी जाति, समुदाय या वर्ग विशेष के नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र और मानवता की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके आदर्श प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सांसद ने कहा कि संतों की शिक्षाओं और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना पार्टी की प्रतिबद्धता है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष अशोक बिडलान, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा, जिला मीडिया सह-प्रभारी नितिन भारद्वाज, जिला आईटी प्रमुख अंकित पालुवास और वरुण गौड़ उपस्थित रहे।
सभी जिलों तक पहुंचेगा सामाजिक समरसता का संदेश
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने बताया कि सद्गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू हुई यह यात्रा करीब 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के लगभग 47 शहरों से गुजरते हुए वाराणसी स्थित सद्गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को तीन दिनों में आठ जिलों यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल से गुजरेगी। इसके अलावा प्रदेश के शेष 15 जिलों से भी उप यात्राएं निकाली जाएंगी, जो निर्धारित स्थानों पर मुख्य यात्रा में शामिल होंगी। इस तरह प्रदेश के सभी क्षेत्रों और समाजों तक समरसता व भाईचारे का संदेश पहुंचेगा।
सांसद ने बताया कि 25 नवंबर को यात्रा यमुनानगर से हरियाणा में प्रवेश करेगी और अंबाला होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसमें संत समाज, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को यात्रा करनाल, पानीपत और सोनीपत से होकर गुजरेगी। सोनीपत के बहालगढ़ में भी जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद यात्रा उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगी। वहीं 28 नवंबर को दिल्ली से हरियाणा में प्रवेश करने के बाद फरीदाबाद में जनसभा होगी। इसके उपरांत यात्रा पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर रवाना होगी।
समाज को जोड़ना ही यात्रा का मूल उद्देश्य
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य केवल जयंती मनाना नहीं, बल्कि सद्गुरु रविदास महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाकर परस्पर सम्मान, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत करना है। यात्रा किसी एक समाज या वर्ग तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें सभी जातियों, वर्गों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ युवाओं और महिलाओं की भागीदारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान सदैव आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की रही है। यह यात्रा प्रदेश की इसी गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करने का काम करेगी।
