Shimla News:हड्डियों के ऑपरेशन फिर से शुरू, मरीजों को राहत – Orthopedic Surgeries Resume, Bringing Relief To Patients
November 23, 2026

आईजीएमसी में सी-आर्म मशीन खराब होने से थे बंद
मरीजों को डीडीयू अस्पताल किया जा रहा था रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में हड्डियों के ऑपरेशन दोबारा शुरू हो गए हैं। इससे ऑपरेशन का इंतजार कर रहे मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
अस्पताल प्रबंधन ने खराब पड़ी सी-आर्म मशीन को ठीक करवा दिया है। अब मरीजों को ऑपरेशन के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हालांकि हड्डी रोग विभाग के पास अभी भी केवल एक ही सी-आर्म मशीन उपलब्ध है। ऐसे में चिकित्सकों को ऑपरेशन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 15 दिन पहले अस्पताल की एकमात्र सी-आर्म मशीन खराब हो गई थी। इसके बाद हड्डियों के ऑपरेशन प्रभावित हो गए थे। मशीन खराब होने के कारण रोजाना होने वाले करीब पांच से छह ऑपरेशन टालने पड़ रहे थे। प्रिंसिपल डॉ. सीता ठाकुर ने मशीन ठीक होने की पुष्टि की है।
मरीजों को ऑपरेशन के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जोनल अस्पताल रेफर किया जा रहा था। वहीं गंभीर मरीजों को आईजीएमसी से पीजीआई भेजना पड़ रहा था। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों की परेशानियां बढ़ गई थीं। अब अस्पताल प्रबंधन ने मशीन को ठीक करवा दिया है, जिसके बाद ऑपरेशन फिर से शुरू हो गए हैं। हड्डियों के ऑपरेशन के दौरान शरीर के अंदर की स्थिति देखने और उपकरणों की सही स्थिति सुनिश्चित करने के लिए सी-आर्म मशीन की जरूरत पड़ती है। इसके बिना कई तरह के ऑपरेशन करना संभव नहीं होता। ऐसे में मशीन खराब होने से पूरे विभाग की ऑपरेशन व्यवस्था प्रभावित हो गई थी।
अस्पताल में एक ही सी-आर्म मशीन आईजीएमसी में हड्डी रोग विभाग के पास केवल एक सी-आर्म मशीन उपलब्ध है। हैरानी की बात यह है कि इस मशीन का इस्तेमाल आपातकालीन और नियमित, दोनों तरह के ऑपरेशनों में किया जाता है। अस्पताल में तीन ऑपरेशन थियेटर संचालित हैं, लेकिन विभाग को एक ही मशीन के सहारे काम करना पड़ रहा है। विभाग की ओर से अस्पताल प्रबंधन से नई सी-आर्म मशीन खरीदने का आग्रह भी किया है, ताकि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों को परेशानी न हो और मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। हालांकि, अभी तक इस दिशा में कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
