रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भिवानी

Bhiwani News:नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल कैद, 40 हजार रुपये जुर्माना – Convict In Rape Of A Minor Sentenced To 20 Years In Prison, Fined 40,000 Rupees

November 23, 2026


भिवानी। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसे धमकी देने के मामले में सोमवार को भिवानी की फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने आरोपी विकास को दोषी करार देते हुए 20 साल के कठोर कारावास और कुल 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुरुचि अटरेजा सिंह की अदालत ने तीन धाराओं में सजा सुनाते हुए सभी सजाएं एक साथ चलाने के आदेश दिए हैं।

शिकायतकर्ता ने 16 अप्रैल 2025 को थाना सदर भिवानी में शिकायत देकर बताया था कि आरोपी उसकी नाबालिग बेटी को अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस बारे में किसी को बताने पर उसे धमकी भी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसी दिन आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने गांव कलिंगा निवासी विकास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर अदालत ने विकास को दोषी करार दिया। भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) के तहत उसे 20 साल के कठोर कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक साल का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।

इसी तरह धारा 137(1)(बी) के तहत सात साल का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। जुर्माना नहीं भरने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। धारा 351(3) के तहत भी सात साल का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई। इस जुर्माने की अदायगी नहीं करने पर भी छह माह का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। अदालत के आदेशानुसार सभी सजाएं एक साथ चलेंगी, जिससे दोषी को प्रभावी रूप से 20 साल जेल में रहना होगा।

पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने जिला पुलिस को महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों में तत्परता से कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियोगों की सुनवाई के दौरान न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि पीड़ितों को न्याय मिले और दोषियों को उनके अपराध की सजा दिलाई जा सके।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X