Muzaffarnagar News:फिर बढ़ गया वायु प्रदूषण 201 पर पहुंचा एक्यूआई – Air Pollution Increased Again, Aqi Reached 201
मुजफ्फरनगर। जनपद में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ गया है। हवा की गुणवत्ता में सुधार के बाद अब प्रदूषण का स्तर फिर से ऊपर पहुंचने लगा है। मंगलवार को जिले का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 206 दर्ज किया गया। इसके चलते हवा की सेहत खराब हो गई। जिससे सांस और अस्थमा रोगियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदूषण के स्तर में अंतर देखने को मिल रहा है। नई मंडी क्षेत्र में लगे वायु गुणवत्ता मॉनिटरिंग सिस्टम पर एक्यूआई 206 रिकॉर्ड किया गया, जबकि बुढ़ाना मोड़ पर यह 199 रहा। नई मंडी क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर जिले के औसत से अधिक दर्ज किया गया। वायु प्रदूषण बढ़ने से सांस और अस्थमा रोगियों को दिक्कत हुई।
जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ.योगेन्द्र त्रिखा की सलाह है कि वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से खुले में निकलने से बचना चाहिए।
साथ ही बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करना और आंखों में जलन या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।
