रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कार्तिगई दीपम विवाद:सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीपथून पर नहीं जला दीप; तमिलनाडु सरकार ने क्या दलील दी? – Couldn’t Comply With Thiruparankundram Deepam Lighting Order: Tamil Nadu To Supreme Court
देश

कार्तिगई दीपम विवाद:सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दीपथून पर नहीं जला दीप; तमिलनाडु सरकार ने क्या दलील दी? – Couldn’t Comply With Thiruparankundram Deepam Lighting Order: Tamil Nadu To Supreme Court

November 25, 2026


तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि 20 नवंबर के आदेश का पालन नहीं हो सका। यह आदेश मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर था। पहाड़ी पर एक पत्थर का स्तंभ है। इसे दीपूथन कहा जाता है। यह विवादित जगह है। सुप्रीम कोर्ट ने यहां कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी।

वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने राज्य सरकार की ओर से पक्ष रखा। वह मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णन की ओर से पेश हुए। उन्होंने न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल पंचोली की पीठ को बताया कि स्तंभ पर दीप नहीं जलाया जा सका।

कृष्णन को दीप जलाने की व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने एक हलफनामा दाखिल किया। इसमें कहा कि उन्होंने आदेश का पालन कराने की पूरी कोशिश की। लेकिन मंदिर प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। प्रशासन का कहना था कि ऐसा करना मंदिर की स्थापित परंपराओं और रीति-रिवाजों के खिलाफ होगा।

फिर कहां जलाया गया दीपक?

सरकार की ओर से बताया गया कि दीपक केवल परंपरागत जगह पर जलाया गया। यह जगह उची पिल्लयार मंदिर के पास है। दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। कृष्णन ने इस मामले में शीर्ष कोर्ट से माफी भी मांगी।

हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने वाले याचिकाकर्ताओं में से एक रामा रविकुमार ने सरकार पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक दिन पहले मद्रास हाईकोर्ट को गुमराह किया था। सरकार ने वहां आदेश का पालन करने का भरोसा दिया था।

ये भी पढ़ें: योगेश गौड़ा हत्याकांड: शीर्ष कोर्ट ने पलटा हाईकोर्ट का फैसला, पूर्व विधायक को वापस जेल भेजा; जानें पूरा मामला

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दीप जलाने से रोकने के लिए मंदिर के न्यासी मंडल का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने अदालत की अवमानना की कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

सुप्रीम कोर्ट ने खुद से अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने पक्षकारों से कहा कि वे इस मामले में अवमानना याचिका दाखिल कर सकते हैं। कोर्ट ने कहा कि याचिका दाखिल होने के बाद जरूरत पड़ने पर उचित आदेश पारित किया जाएगा। वरिष्ठ वकील गुरु कृष्णकुमार ने कहा कि याचिका जल्द दाखिल की जाएगी। उन्होंने दोपहर साढ़े 12 बजे इसका जिक्र करने की अनुमति मांगी।

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को क्या आदेश दिया था?

पीठ ने 20 नवंबर को मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत एक छोटी टीम को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। यह अनुमति 24 नवंबर के लिए दी गई थी। कोर्ट ने इसे एक बार की व्यवस्था बताया था। सुप्रीम कोर्ट ने जिला कलेक्टर को पूरी व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया था। साथ ही त्योहार के तीन दिन के भीतर अनुपालन रिपोर्ट जमा करने को कहा था।

मद्रास हाईकोर्ट ने क्या कहा था?

मंगलवार को दीप जलाने के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले मद्रास हाईकोर्ट ने पांच याचिकाओं का निपटारा कर दिया था। कोर्ट ने जिला कलेक्टर का आश्वासन दर्ज किया था। कलेक्टर ने राज्य के अधिकारियों के निर्देश पर कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा।

हाईकोर्ट ने यह भी कहा था कि तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती आयुक्त की ओर से पुनर्विचार याचिका दाखिल की गई है। लेकिन इसके लंबित रहने से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने का बहाना नहीं मिल सकता।

ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट अपडेट: उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत यााचिका पर सुनवाई आज

मंदिर प्रशासन ने क्या दलील दी?

मंगलवार शाम को दीपक उची पिल्लयार मंदिर के पास परंपरागत दीप मंडपम में जलाया गया। हालांकि, विवादित जगह दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। मंदिर प्रशासन ने इसकी वजह बताई। उसने कहा कि मंदिर के न्यासियों ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया था। इसमें मंदिर की स्थापित परंपराओं का पालन करने का फैसला लिया गया था।

इन परंपराओं के मुताबिक, दीप उची पिल्लयार मंदिर में ही जलाया जाना चाहिए। दीपथून पर नहीं।मंदिर प्रशासन ने यह भी कहा कि दीपथून ब्रिटिश काल में लगाया गया एक सर्वेक्षण पत्थर है। प्रशासन ने कहा कि वह मंदिर की परंपराओं से जुड़ी पूरी जानकारी सुप्रीम कोर्ट के सामने रखेगा।

दरगाह के सचिव ने किया सरकार के फैसले का समर्थन

वहीं, हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा दरगाह के सचिव आरिफ खान ने राज्य सरकार के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दीप तय स्थान पर ही जलाया गया है। यह फैसला मंदिर की आगम परंपराओं और लंबे समय से चली आ रही प्रथाओं के अनुसार लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने धार्मिक टकराव और सांप्रदायिक विभाजन रोकने के लिए कानून-व्यवस्था की स्थिति को भी ठीक तरह से संभाला।

आरिफ खान ने एएनआई से इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा कि यह कहना सही नहीं है कि तमिलनाडु सरकार ने दीप नहीं जलाया। दीप जलाया गया है। उन्होंने बताया कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उची पिल्लयार मंदिर के पास तय स्थान पर दीपम जलाया गया। यह मंदिर की आगम परंपराओं और लंबे समय से चली आ रही प्रथाओं के अनुसार हुआ। उन्होंने कहा कि पहले से चली आ रही व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X