पीडीडीयू नगर। संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उसके मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को जिलेभर में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चंदौली के कटसिला स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 1690 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया और न्याय, स्वतंत्रता, समानता व बंधुता के मूल्यों को जीवन में अपनाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश विवेक त्रिपाठी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, निर्माण प्रक्रिया, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों का आधार है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान में निहित आदर्शों का पालन करे।
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं, जनपद न्यायालय परिसर स्थित सदर तहसील सभागार में अपर जनपद न्यायाधीश (पाक्सो एक्ट) विकास वर्मा ने न्यायालय कर्मचारियों को प्रस्तावना का पाठ कराया। जिले के सभी विद्यालयों में भी जागरूकता शिविर लगाकर विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक किया गया।