Maharajganj News:जिले के दो लाख बच्चों की शिक्षा सुधारने के लिए 26 बिंदुओं पर होगा फोकस – Efforts To Improve The Education Of Two Lakh Children In The District Will Focus On 26 Key Points
महराजगंज। जिले के 1500 परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब दो लाख बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए 26 बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लखनऊ में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में इन बिंदुओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अब 30 नवंबर को दोबारा सभी बिंदुओं की स्थिति परखी जाएगी।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से हाल ही में हुई ऑनलाइन समीक्षा में समग्र शिक्षा, पीएम श्री और पीएम पोषण समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया था। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
समीक्षा में निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों के सीखने के स्तर, निपुण तालिका के उपयोग, यू-डायस डेटा अपडेट और होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा बाल वाटिका के संचालन, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति की भी समीक्षा होगी। अधिकारियों को 30 नवंबर तक चिह्नित कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन योजनाओं की प्रगति मिली संतोषजनक
समीक्षा के दौरान पीएम पोषण योजना के तहत भोजन की गुणवत्ता, रसोइयों के मानदेय, कन्वर्जन कॉस्ट और स्वयं सहायता समूहों के भुगतान की स्थिति भी देखी गई। विद्यालयों में पुस्तकालय और खेल सामग्री के उपयोग, आरटीई के तहत फीस प्रतिपूर्ति, डीबीटी भुगतान और शिक्षक प्रशिक्षण की प्रगति का भी आकलन किया गया। इसके अलावा स्मार्ट क्लास और डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन तथा पीएम कंपोजिट विद्यालयों की प्रगति संतोषजनक पाई गई।
राज्य स्तरीय समीक्षा में जिले की प्रगति संतोषजनक मिली है। हालांकि, कुछ कमियां चिह्नित की गई हैं, जिन्हें 30 नवंबर तक दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से कार्ययोजना और अनुपालन रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी।
– सुरजीत कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी, महराजगंज
