रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Farrukhabad News:कृष्णा के शतक से पीएन एकेडमी बनी अंडर-13 चैंपियन – Farrukhabad News
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:कृष्णा के शतक से पीएन एकेडमी बनी अंडर-13 चैंपियन – Farrukhabad News

November 26, 2026


farrukhabad news

फोटो-21 विजेता टीम के कप्तान को ट्राफी देते पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल। स्रोत: आयोजक

फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद क्रिकेट लीग (एफसीएल-16) के अंडर-13 आयु वर्ग के फाइनल में पीएन एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टाइगर क्लब को 152 रन से हरा दिया। पीएन एकेडमी की जीत के नायक कृष्णा रहे। उन्होंने 106 रन की शतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में भी दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टाइगर क्लब के कप्तान देवराज सिंह ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पीएन एकेडमी ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 248 रन बनाए। कृष्णा ने 106, अतुल ने 38, प्रखर ने 33 और अंशुमान ने 32 रन बनाए। टाइगर क्लब की ओर से अक्षत ने दो और देवराज ने एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइगर क्लब की टीम पीएन एकेडमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 16.5 ओवर में 96 रन पर सिमट गई। देवांश पाल ने 11 और देवराज सिंह ने 10 रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में सर्वाधिक 35 रन मिले। पीएन एकेडमी की ओर से अंश और कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए।

मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने शतकवीर कृष्णा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। उन्होंने अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के साथ विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। हार के बाद ही जीत का रास्ता निकलता है, इसलिए खिलाड़ियों को लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए।

एसोसिएशन की ओर से विक्रम अग्रवाल ने स्मृतिचिह्न देकर उन्हें सम्मानित किया। मैच में अंपायरिंग कुनाल राजपूत और धीरेंद्र कुमार ने की। स्कोरिंग सुहानी राठौर ने की।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X