फिरोजाबाद। जलेसर रोड से कोटला चुंगी चौराहे तक ओवरब्रिज के नीचे सीएम ग्रिड योजना के तहत अंडरग्राउंड विद्युतीकरण कार्य के लिए बनाए जा रहे सीमेंटेड डक्ट खुले होने के कारण हादसों को न्योता दे रहे हैं। बृहस्पतिवार रात दूसरी कार को बचाने के प्रयास में एक कार गहरे गड्ढे के ऊपर झूल गई। कार का आधा हिस्सा सड़क पर और आधा गड्ढे के ऊपर था, लेकिन गनीमत रही कि कार सवार परिवार बच गया। कड़ी मशक्कत कर कार को दूसरी कार से खींचकर बाहर निकला गया और परिवार रवाना हुआ।
ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ की सर्विस रोड पर खुले केबलों को भूमिगत करने के लिए अंडरग्राउंड डक्ट तैयार की जा रही है, जिसके लिए जगह-जगह गहरी खुदाई की गई है। कार्यदायी संस्था की लेटलतीफी के चलते काम लंबे समय से सुस्त गति से चल रहा है। वहीं, खुदाई के बाद गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेतक जैसे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं।
सीएम ग्रिड योजना के तहत सर्विस रोड नवीनीकरण कार्य चल रहा है। ठेकेदार को कुछ दिन पहले खुले मैनहोल बंद करने को कहा था। लापरवाही कर रहा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
– प्रेमपाल सिंह, सहायक अभियंता, नगर निगम