रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:अदालत ने बलवे और हमले के चार आरोपियों को किया बरी – The Court Acquitted Four Accused Of Rioting And Assault

November 29, 2026


मुजफ्फरनगर। विशेष न्यायालय ने शहर कोतवाली क्षेत्र के बलवे, मारपीट और तेजाब फेंकने के एक पुराने मामले में आरोपी सलीम, इरशाद टेलर, राशिद और लालू को सभी आरोपों से बरी कर दिया है। साक्ष्यों के अभाव में आरोपियों को राहत मिली।

वादी आफताब ने थाना कोतवाली नगर में तहरीर दी थी कि सात अप्रैल 2013 को वह केबल लाइन ठीक कर रहा था। उस दौरान आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तेजाब फेंका और फायरिंग की। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के बाद पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र पेश किया था।

विचारण के दौरान वादी मुकदमा आफताब और अन्य गवाह अपने बयां से मुकर गए। गवाहों ने अदालत में कहा कि आपसी समझौते के बाद अब उनके बीच कोई विवाद शेष नहीं बचा है। चिकित्सकीय प्रपत्रों से घटना की पुष्टि हुई लेकिन यह साबित नहीं हुआ कि हमला इन्हीं आरोपियों ने किया था। अदालत ने पत्रावली पर उपलब्ध सभी साक्ष्यों की विवेचना की। इसके बाद विशेष न्यायाधीश ने सभी आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। ब्यूरो

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X