Gurugram News:आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को निर्यातक इकाइयों के लिए प्रशिक्षण – Training For Daughters From Economically Disadvantaged Families For Export-oriented Units
अपैरल ट्रेनिंग एंड डिजाइन सेंटर में अपैरल मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी के डिप्लोमा कोर्स का प्रशिक्षण शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। केंद्र सरकार के कपड़ा मंत्रालय के सहयोग से चल रहे अपैरल ट्रेंनिंग और डिजाइन सेंटर में बीपीएल परिवारों की बेटियों को निर्यातक इकाइयों की अपटूडेट प्रशिक्षण का एक कार्यक्रम इस महीने शुरू हुआ। एक साल के इस डिप्लोमा प्रशिक्षण कार्यक्रम अपैरल मैन्यूफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी के लिए पहले बैच में 40 प्लस टू की पढ़ाई कर चुकी 18 से 35 वर्ष की उम्र सीमा की 40 छात्राओं को चुना गया है।
मार्क एंड स्पेंसर्स और न्यू टाइम्स नामक दो कंपनियों ने यह प्रशिक्षण स्पांसर किया है। ये कंपनियां प्रति छात्रा एक लाख रुपये खर्च कर रही है। कोर्स के बाद एटीडीसी इन प्रशिक्षुओं के प्लेसमेंट उपलब्ध कराएगा। इन्हें निर्यातक इकाइयां, परिधान उत्पादन, क्वालिटी और मर्केडाइजिंग आदि विभागों में ले सकती है। इसके अलावा वे स्वरोजगार की शुरुआत भी कर सकेंगी।
प्रशिक्षुओं ने प्रदर्शनी में दिखाई रचनात्मकता
पिछले शुक्रवार को इन छात्रओं ने दिवाली प्रदर्शनी का आयोजन किया। जिसमें सस्टेनेबल फैशन को बढ़ावा देने की थीम रखी गई थी। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने पुराने और अनुपयोगी कपड़ों और सामग्री का उपयोग कर अपने रचनात्मक कौशल का प्रयोग किया। इस कार्यक्रम में एटीडीसी के डीजी और सीईओ डॉ रूपक वशिष्ठ, निदेशक डॉ गुरप्रीत कौर, डॉ नीरा परिहार और प्राचार्य डॉ बबिता सांगवान में प्रदर्शनी में छात्राओं के रचनात्मक कौशल का विकास, आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रोत्साहित किया।
महिला सशक्तीकरण को लेकर यह विशेष प्रशिक्षण शुरू हुआ है, दो कंपनियों ने इसकी स्पांसरशिप ली है। एक साल का पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद इनमें न्यूनतम 90 प्रतिशत लड़कियों के प्लेसमेंट का लक्ष्य रखा गया है। आगे भी ऐसे कार्यक्रम करेंगे।
– प्रो.डॉ रूपक वशिष्ठ, महानिदेशक, सीईओ एटीडीसी
ये हमारे लिए बड़ा अवसर है। हमलोग कंप्यूटर आधारित फैशन टेक्नोलॉजी और परिधान निर्माण के विभिन्न पहलुओं को प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन मशीनों, कंप्यूटर और माहौल में सीख रहें हैं, जो बड़ी निर्यातक इकाइयों में होता है।
– कामिनी, प्रशिक्षु
उम्मीद है कि परिधान निर्यात की बड़ी इकाई में प्रशिक्षण के बाद हमें रोजगार मिल जाएगा। प्रशिक्षण हमें इतना सक्षम बना सकेगा कि खुद का काम शुरू कर सके, अपनी परिधान उत्पादन और निर्यात उद्यम चला सकें।
– पूजा, प्रशिक्षु
इस अभियान का उद्देश्य उन परिवारों की लड़कियों को परिधान निर्माण और निर्यातक इकाइयों की कंप्यूटर आधारित और आधुनिक तकनीक के हर पहलू का प्रशिक्षण देना है जो ऐसे कोर्स का खर्च वहन नहीं कर सकती हैं।
– डाॅ.बबिता सांगवान, प्राचार्य, एटीडीसी सेंटर गुरुग्राम
