Panipat News:खेतों में मिले पंजों के निशान कुत्तों के, तेंदुए की पुष्टि नहीं – Paw Prints Found In The Fields Belong To Dogs; Leopard Presence Not Confirmed
वन्य प्राणी विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क, मजदूर ने फैक्टरी के पास तेंदुआ देखने का किया दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। हथवाला गांव के खेतों में तेंदुआ होने की चर्चाओं के बीच शनिवार को वन्य प्राणी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने खेतों में मिले पंजों के निशानों को कुत्तों का बताया है। विभाग के अनुसार, क्षेत्र में अभी तक तेंदुए की मौजूदगी के कोई पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं।
हालांकि, यमुना क्षेत्र नजदीक होने के कारण तेंदुए की संभावित मौजूदगी से इन्कार नहीं किया जा सकता। विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी है।
इसी बीच शनिवार सुबह बिहार निवासी एक मजदूर ने हथवाला रोड पर फैक्टरी के पास तेंदुआ देखने का दावा किया। अररिया निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से एक किसान के खेत में मजदूरी कर रहा है।
शनिवार सुबह करीब छह बजे वह अपने बेटे के साथ खेत से चारा लेकर फैक्टरी में गाय को खिलाने जा रहा था। इसी दौरान चिकन की दुकान के पास मुर्गियों के खाली पिंजरों के नजदीक उसे तेंदुआ दिखाई दिया। वह बिना शोर मचाए फैक्टरी की तरफ चला गया।
इससे पहले हथवाला निवासी क्रांति और कृष्ण त्यागी ने भी खेतों में तेंदुआ देखने की बात कही थी। वहीं, राक्सेड़ा निवासी किसान इंद्र ने हथवाला बांध के पास गेहूं की बिजाई के दौरान खेत में तेंदुआ दिखाई देने का दावा किया था।
वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि जांच में पंजों के निशान कुत्तों के पाए गए हैं। सोशल मीडिया पर तेंदुए की बताकर वायरल की जा रही तस्वीरें भी फर्जी हैं। क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभाग की टीम गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।
