Panipat News:गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग पर अड़े किसान, शुगर मिल गेट पर दूसरे दिन भी धरना जारी – Farmers Remain Firm On Their Demand To Set The Sugarcane Price At Rs 600; Protest Continues At The Sugar Mill Gate For The Second Consecutive Day
भाकियू सोनीपत और जसिया धाम के पदाधिकारियों ने दिया समर्थन, दो दिसंबर को बड़ी संख्या में कुरुक्षेत्र पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास घेरने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर हरियाणा सांझा संघर्ष मोर्चा और पानीपत शुगर मिल की गन्ना समिति के बैनर तले किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को दूसरे दिन भी मिल के मुख्य गेट पर जारी रहा। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रदेश सरकार गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसान संगठनों ने दो दिसंबर को पानीपत जिले से बड़ी संख्या में किसानों के कुरुक्षेत्र पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया। शुक्रवार को भाकियू सोनीपत के जिला प्रधान विरेंद्र पहल और जसिया धाम के पदाधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करना चाहिए।
मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने का ऐलान
पानीपत किसान भवन के उपप्रधान अनिल कादियान, युवा जिला प्रधान बिंटू मलिक और गन्ना समिति के प्रधान जयकुंवार कादियान ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए मौजूदा गन्ना मूल्य पर्याप्त नहीं है। किसानों की मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा और वे पीछे नहीं हटेंगे।
इस मौके पर प्रदीप जागलान, सुरेंद्र नांदल महराना, सतीश कादियान, अरुण आटा, संजय बुडशाम, इकबाल सिंह, सुरेंद्र देशवाल, नवीन धनसौली, संदीप, तेजपाल धनसौली, कृष्ण राठी नंगला, रणबीर कुराड़, गुलाब देशवाल और अनिल नंगला मौजूद रहे।
28
