रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पानीपत

Panipat News:पंचायतों के खातों में 3.5 करोड़ की हेराफेरी, लेन-देन पर रोक – Embezzlement Of 3.5 Crore In Panchayat Accounts; Transactions Halted

November 27, 2026


माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। पंचायती राज संस्थाओं के बैंक खातों में सेंधमारी का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। जिले की ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद के बैंक खातों में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की हेराफेरी सामने आई है।

मामला उजागर होने के बाद पंचायत विभाग ने एहतियातन सभी पंचायतों के बैंक खातों से वित्तीय लेन-देन पर रोक लगा दी है। साथ ही जिले की सभी 178 ग्राम पंचायतों के खातों का ऑडिट शुरू करा दिया गया है। विभाग ने दो दिन के भीतर सभी पंचायतों से खातों का पूरा विवरण भी तलब किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 20 ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद के खातों को निशाना बनाकर रकम निकाली गई। इनमें सबसे अधिक नुकसान मतलौडा और पानीपत पंचायत समिति को हुआ है। दोनों समितियों के खातों से करीब 1.88 करोड़ रुपये निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।

विकास कार्य प्रभावित, जल्द जांच पूरी करने की मांग : जिला परिषद के वार्ड-1 के पार्षद आकाश पोरिया ने कहा कि बैंक खातों की निष्पक्ष और गहन जांच जल्द पूरी होनी चाहिए। लेन-देन पर रोक लगने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद पंचायतों को ग्रांट खर्च करने का अधिकार जल्द बहाल किया जाना चाहिए।

वहीं, सिवाह गांव के सरपंच प्रतिनिधि रणदीप कादियान ने बताया कि उनके गांव के बैंक खाते की रकम में भी अंतर मिला है। फिलहाल खाते का मिलान किया जा रहा है। विस्तृत रिपोर्ट जल्द विभाग को सौंप दी जाएगी।

दिवाली की व्यस्तता का उठाया फायदा, मास्टर खाते में लगाई दी सेंध

पंचायत विभाग की प्रारंभिक जांच के अनुसार, प्रदेश स्तर पर पंचायत विभाग के मास्टर खाते को हैक कर ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद के खातों से रकम निकाली गई। मुख्यमंत्री ने छह नवंबर को योजना का शुभारंभ किया था। इसके बाद दिवाली की तैयारियों और अवकाश के चलते अधिकारी व पंचायत प्रतिनिधि व्यस्त थे। इसी दौरान जालसाजों ने 10 से 15 नवंबर के बीच खातों से लगातार रकम निकाली।

ग्राम सचिव और सरपंच जुटा रहे खातों का रिकॉर्ड

मामला सामने आने के बाद पंचायत विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश जारी किए हैं। ग्राम सचिव और सरपंच अपने-अपने गांवों के बैंक खातों का विवरण जुटाने के साथ लेन-देन की स्टेटमेंट तैयार कर रहे हैं। इसका उद्देश्य खातों से निकाली गई वास्तविक रकम और प्रभावित पंचायतों की संख्या का पता लगाना है। सभी पंचायतों को दो दिन में रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी ग्राम पंचायतों से बैंक खातों का पूरा विवरण मांगा गया है। इसके लिए दो दिन का समय दिया गया है। तब संकलित रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी। मुख्यालय स्तर पर ही पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की जा रही है। -राजेश कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X