रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:कब्जे की नीयत से ट्रैक्टर से जोती मटर की फसल, विरोध पर वृद्धा को पीटा – Pea Crop Plowed Over With A Tractor With The Intent To Seize The Land; Elderly Woman Beaten When She Protested

November 20, 2026


भोट। थाना क्षेत्र के बांसनगली गांव में खेत में खड़ी हरी मटर की फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने और विरोध करने पर वृद्धा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

आरोप है कि जमीन पर कब्जे की नीयत से पहुंचे लोगों ने पहले पूरी फसल उजाड़ दी और विरोध करने पर वृद्धा को पीटकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी जैतून बेगम के मुताबिक, उन्होंने अपने खेत में हरी मटर की फसल बो रखी थी, जो तैयार खड़ी थी। आरोप है कि 15 नवंबर को परिवार के लोगों के रामपुर जाने के दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र के घेर मर्दान खां निवासी करम इलाही कुरैशी, निजाम इलाही कुरैशी, जाकिर हसन कुरैशी, मुजाकिर हसन कुरैशी, जकी कुरैशी और हबीब कुरैशी ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंच गए। आरोपियों ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से खेत में खड़ी पूरी मटर की फसल ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट कर दी।

गांव के लोगों से जानकारी मिलने पर जैतून बेगम खेत पर पहुंचीं और फसल उजाड़ने का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्हें बुरी तरह पीटा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर सुनकर ग्रामीणों को मौके पर आता देख आरोपी फरार हो गए। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X