Sonipat News:56 की उम्र में भी कदमों में युवाओं-सा दम, 35 साल से परांठे खिला रहे दयानंद अब मैराथन में बहा रहे पसीना – Dayanand, Who Has Been Serving Parathas For 35 Years, Is Now Sweating It Out In Marathons
-मुरथल के पहलवान ढाबे के मालिक रोजाना दौड़ते हैं 10 से 12 किलोमीटर-चंडीगढ़ में 42 किलोमीटर की मैराथन 4 घंटे 19 मिनट में की पूरी
-29 नवंबर को मसूरी में 50 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन में उतरेंगे दयानंद सिद्धू
-अब 42 किलोमीटर की दौड़ साढ़े तीन घंटे में पूरी करने का लक्ष्य, लगातार कर रहे अभ्यास
-परांठों के स्वाद के साथ फिटनेस का भी रखते हैं ख्याल, पूर्व डीजीपी ओपी सिंह ने साझा किया वीडियो
फोटो :26: दयानंद सिद्धू दौड़ लगाते हुए।
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। उम्र महज एक आंकड़ा है, अगर हौसलों में उड़ान और कुछ कर गुजरने का जुनून हो तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं। मुरथल के पहलवान ढाबे के संचालक दयानंद सिद्धू इसकी मिसाल हैं। 56 साल की उम्र में जहां कई लोग शारीरिक सक्रियता कम कर देते हैं, वहीं दयानंद रोजाना 10 से 12 किलोमीटर दौड़ लगाते हैं। पिछले 35 साल से ढाबे पर ग्राहकों को परांठों का स्वाद परोस रहे दयानंद अब अपनी दौड़ से युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं।
दयानंद सिद्धू ने हाल में ही चंडीगढ़ में आयोजित 42 किलोमीटर की मैराथन को 4 घंटे 19 मिनट में पूरा किया। अब 29 नवंबर को मसूरी में होने वाली 50 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं। दयानंद सिद्धू बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही खेलों का शौक था। मन में हमेशा खिलाड़ी बनने और दौड़ने की इच्छा रही, लेकिन उस समय परिवार और कारोबार की जिम्मेदारियों के कारण खेलों के लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पाए। मुरथल में ढाबा शुरू करने के बाद पूरा ध्यान कारोबार को आगे बढ़ाने में लगा रहा। ढाबे का नाम भी उन्होंने खेलों के प्रति अपने लगाव के चलते पहलवान रखा था। अब जब उन्हें अपने पुराने शौक को पूरा करने का अवसर मिला तो उन्होंने दौड़ को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लिया।
रोज 10 से 12 किलोमीटर दौड़कर करते हैं खुद को तैयार
दयानंद की दिनचर्या में कारोबार के साथ फिटनेस के लिए भी पूरा समय निर्धारित है। वह प्रतिदिन 10 से 12 किलोमीटर दौड़ते हैं। इसके बाद ढाबे पर पहुंचकर ग्राहकों की सेवा और कारोबार की जिम्मेदारियां संभालते हैं। उनका कहना है कि शुरुआत में कई परेशानियां आईं, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। नियमित अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति से ही वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
42 किलोमीटर की दौड़ साढ़े तीन घंटे में पूरी करने का लक्ष्य
चंडीगढ़ में 42 किलोमीटर की मैराथन 4 घंटे 19 मिनट में पूरी करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही। हालांकि, वह इसी उपलब्धि पर रुकना नहीं चाहते। अब उनका लक्ष्य 42 किलोमीटर की दूरी साढ़े तीन घंटे में पूरी करना है। इसके लिए वह लगातार अभ्यास कर रहे हैं। 29 नवंबर को मसूरी में होने वाली 50 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन उनके अगले लक्ष्य की बड़ी परीक्षा होगी।
ढाबे के परांठों के साथ खानपान का भी रखते हैं ध्यान
दिलचस्प बात यह है कि जिस ढाबे के परांठे दूर-दूर तक मशहूर हैं, उसके संचालक दयानंद खुद भी ढाबे पर बना खाना खाते हैं। वह बताते हैं कि उनकी डाइट में परांठों के साथ ड्राई फ्रूट भी शामिल रहते हैं। काम की व्यस्तता के बावजूद वह अपनी फिटनेस और खानपान को लेकर सजग रहते हैं। उनके लिए स्वाद, सेहत और काम के प्रति समर्पण तीनों जीवन का हिस्सा हैं।
पूर्व डीजीपी ने भी साझा किया वीडियो, युवाओं के लिए बने प्रेरणा
दयानंद सिद्धू के इस अनूठे जुनून की चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी हो रही है। हरियाणा के पूर्व डीजीपी ओपी सिंह ने उनका वीडियो साझा किया है। 56 साल की उम्र में 35 साल पुराने कारोबार की जिम्मेदारी निभाते हुए मैराथन में दम दिखाना उनकी मेहनत और जीवटता को दर्शाता है। दयानंद का कहना है कि वह दौड़ के माध्यम से देश का नाम रोशन करना चाहते हैं। उनका संदेश है कि जिम्मेदारियां चाहे कितनी भी हों, यदि मन में जुनून हो तो अपने सपनों को पूरा करने के लिए समय जरूर निकाला जा सकता है।
